पूर्व CM के पोते की संदिग्ध मौत: सिरदर्द की दवा खाने के बाद बिस्तर से गिरे वीर, मुंह से निकला झाग

मनाली घूमने गए पूर्व सीएम के पोते की मंगलवार को संदिग्ध मौत हो गई। सिरदर्द की दवा खाने के बाद उनके मुंह से झाग निकला और वे बिस्तर से नीचे गिर पड़े। पूर्व सीएम ने पोस्टमार्टम कराए बिना शव को घर ले जाने का फैसला किया।

पूर्व CM के पोते की संदिग्ध मौत: सिरदर्द की दवा खाने के बाद

Ranchi - : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पोते वीर सोरेन की हिमाचल प्रदेश के मनाली में रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई है। वीर अपने दोस्तों के साथ चार दिन पहले घूमने के लिए मनाली पहुंचे थे। शुरुआती चर्चा में मौत का कारण हाई एल्टीट्यूड (ऊंचाई) पर तबीयत बिगड़ना बताया जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों ने मामले को उलझा दिया है।

अकेले कमरे में थे वीर, ऑनलाइन मंगवाई थी दवा 

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह वीर की तबीयत ठीक नहीं थी, जिसके कारण वे दोस्तों के साथ घूमने नहीं गए और 'होम स्टे' में ही रुक गए। दोपहर को जब दोस्त वापस लौटे, तो वीर ने तेज सिरदर्द की शिकायत की। दोस्तों ने उनके लिए ऑनलाइन दवा मंगवाई। दवा खाने के बाद वीर सो गए, लेकिन कुछ देर बाद कमरे से गिरने की आवाज आई। दोस्तों ने अंदर जाकर देखा तो वीर बिस्तर से नीचे गिरे हुए थे।

अस्पताल ले जाते समय मुंह से निकला झाग 

दोस्तों ने आनन-फानन में वीर को मनाली के सिविल अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि अस्पताल ले जाते समय उनके मुंह से झाग निकल रहा था। चिकित्सकों ने तुरंत उपचार शुरू किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने वीर के दोस्त अग्नय वर्मा (निवासी उत्तर प्रदेश) का बयान दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

चंपई सोरेन ने पोस्टमार्टम से किया इनकार, शव लेकर रवाना 

पोते की मौत की खबर मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन किराये के हेलीकॉप्टर से मनाली पहुंचे। उन्होंने वीर के शव का पोस्टमार्टम करवाने से साफ इनकार कर दिया और शव को पैतृक घर ले जाने की इच्छा जताई। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद चंपई सोरेन हेलीकॉप्टर से ही पोते का शव लेकर झारखंड के लिए रवाना हो गए।

पुलिस का बयान 

डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि वीर सोरेन के शरीर पर किसी भी तरह की चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, परिवार के लिखित अनुरोध और पोस्टमार्टम से मना करने के कारण शव का परीक्षण नहीं किया गया है। पुलिस फिलहाल हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है।