Yo Yo Honey Singh: भतीजे विदित औलख की मौत से टूटे हनी सिंह, जालंधर पहुंचकर परिवार से मिले; वीडियो में छलके आंसू
Yo Yo Honey Singh: हनी सिंह के भतीजे विदित औलख की जालंधर में सड़क हादसे में मौत हो गई। दुबई से लौटकर सिंगर परिवार से मिले और भावुक होकर रो पड़े। हादसे में उनके दोस्त आरव तलवार की भी जान गई।
Yo Yo Honey Singh: मशहूर रैपर और सिंगर यो यो हनी सिंह इस समय बेहद दुखद दौर से गुजर रहे हैं। उनके भतीजे विदित औलख की सड़क हादसे में मौत हो गई है। इस खबर के बाद हनी सिंह दुबई से लौटकर सीधे जालंधर पहुंचे और परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान वह काफी भावुक नजर आए। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में वह परिवार के सदस्य के गले लगकर रोते दिखाई दे रहे हैं।
विदित औलख पंजाबी म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक दिनेश औलख के बेटे थे। इस हादसे में विदित के दोस्त आरव तलवार की भी मौत हो गई। आरव के पिता 'पैपी स्वीट्स' के मालिक बताए जा रहे हैं। इस घटना से दोनों परिवारों में शोक का माहौल है।
परिवार से मिलकर भावुक हुए हनी सिंह
हनी सिंह के जालंधर पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इसमें वह परिवार के लोगों से मिलते हुए भावुक हो जाते हैं और एक सदस्य के गले लगकर रो पड़ते हैं। इस मुश्किल समय में वह अपने परिवार के साथ खड़े नजर आए। इससे पहले हनी सिंह ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए भी भतीजे की मौत पर दुख जताया था। उन्होंने लिखा था, "यह मेरे लिए दुखों से भरा समय है। मैंने अपने भतीजे को खो दिया है। यह दिल तोड़ देने वाली खबर है। भोलेनाथ मेहर, मेहर।"
जालंधर में फ्लाईओवर पर हुआ था हादसा
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, विदित औलख की कार का हादसा जालंधर के पुलिस लाइन्स इलाके के पास एक फ्लाईओवर पर हुआ था। बताया गया कि उनकी वोक्सवैगन कार सड़क पर खड़ी नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, कार BMC चौक से BSF चौक की ओर जा रही थी। हादसे के समय उसमें पांच लोग सवार थे। इस दुर्घटना में विदित औलख और आरव तलवार की मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग सुरक्षित बच गए।
सफाई के काम के लिए खड़ी थी ट्रैक्टर-ट्रॉली
बरादरी थाने के एसएचओ साहिल चौधरी के अनुसार, पुलिस को 1 नवंबर की सुबह करीब 3 बजे हादसे की सूचना मिली थी। उस समय नगर निगम के सफाई कर्मचारी फ्लाईओवर पर सफाई कर रहे थे। कचरा इकट्ठा करने के लिए वहां ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी की गई थी। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान तेज रफ्तार कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में दो युवकों की जान चली गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।