पेड़ से लटका मिला युवक का शव, गले और शरीर पर चोट के निशान से हत्या की आशंका
Supaul : जिले के नदी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिसौनी गांव में सोमवार सुबह एक 22 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका हुआ बरामद होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान मधुबनी जिले के फुलपरास थाना क्षेत्र स्थित बथनाहा निवासी शिव कुमार मंडल (22 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक पिछले लगभग एक महीने से सिसौनी गांव स्थित अपनी बहन के घर रह रहा था।
शौच के लिए निकले ग्रामीणों की पड़ी नजर
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार सुबह जब कुछ लोग शौच के लिए बाहर निकले, तो उन्होंने पेड़ से युवक का शव लटकते देखा। इसकी सूचना तुरंत अन्य ग्रामीणों और नदी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही नदी थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर जांच-पड़ताल शुरू की।
गले पर रस्सी और शरीर पर चोट के निशान
घटनास्थल पर हुई प्रारंभिक जांच में युवक के गले पर रस्सी के गहरे निशान के साथ-साथ शरीर पर चोट के अन्य निशान भी पाए गए हैं। इसके अलावा, शव के पैर जमीन से सटे हुए थे, जिससे प्रथम दृष्टया मामला संदेहास्पद नजर आ रहा है। पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि घटना से दो दिन पूर्व युवक का अपने एक पड़ोसी से विवाद और मारपीट हुई थी।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुरानी रंजिश और मारपीट के कारण पड़ोसियों ने युवक की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को पेड़ से लटका दिया। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
थानाध्यक्ष का बयान
नदी थाना अध्यक्ष सुमित कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे घटना की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मृतक के शरीर और गले पर जख्म के निशान मिले हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और पुलिस आपसी विवाद समेत सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट