नवादा में महिला चेन चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार; लाखों की नकदी और जेवर बरामद

नवादा जिले में महिलाओं द्वारा चेन छिनतई की घटना मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस इस गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। वहीं इनके पास लाखों के गहने और नगद रुपये बरामद हुए है....

नवादा में महिला चेन चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार; लाखो
नवादा में महिला चेन चोर गिरोह का पर्दाफाश- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada  : जिले की वारसलीगंज पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए एक शातिर महिला चेन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह की दो महिला सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी के जेवर बेचने से प्राप्त 2 लाख 88 हजार 500 रुपये नकद और भारी मात्रा में सोने के आभूषण बरामद किए हैं। यह सफलता एक टोटो में हुई चोरी की शिकायत के बाद गठित विशेष टीम की त्वरित कार्रवाई से मिली है।


टोटो से यात्रा के दौरान हुई थी घटना

वारसलीगंज थाना प्रभारी पंकज कुमार सैनी ने बताया कि नीलम देवी नामक एक पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बाजार में टोटो से यात्रा के दौरान अज्ञात महिलाओं ने उनकी सोने की चेन उड़ा ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर एसडीपीओ राकेश कुमार भास्कर के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मानवीय इनपुट का सहारा लेकर संदिग्धों की पहचान की और छापेमारी कर दोनों महिलाओं को धर दबोचा।


नालंदा जिले की निवासी है दोनो महिला चोर

गिरफ्तार महिलाओं की पहचान नालंदा जिले के चंडी थाना अंतर्गत मोहसीमपुर निवासी अंजलि देवी और ताजूबिगहा निवासी कविता देवी के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे भीड़भाड़ वाले वाहनों और बाजारों में महिलाओं को निशाना बनाती थीं। तलाशी के दौरान उनके पास से न केवल हालिया चोरी की चेन बेचकर मिली रकम बरामद हुई, बल्कि पूर्व में की गई अन्य चोरियों के पैसे और जेवर भी जब्त किए गए।


लाखों रुपये के सोने के गहने हुए है बरामद

पुलिस द्वारा की गई बरामदगी में लगभग पौने तीन लाख रुपये नकद के साथ-साथ तीन सोने के लॉकेट, एक मांग टीका, एक नथुनी और एक जोड़ी सोने की कनवाली शामिल है। गिरफ्तार महिलाओं का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। नालंदा के चंडी थाने में उनके खिलाफ पहले से ही आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वे लंबे समय से अंतर-जिला स्तर पर इन वारदातों को अंजाम दे रही थीं।


इस कार्रवाई के बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली है और इसे शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने की दिशा में एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरोह के अन्य संभावित संपर्कों की भी तलाश की जा रही है ताकि चोरी के सामान खरीदने वाले नेटवर्क को भी ध्वस्त किया जा सके। फिलहाल दोनों महिलाओं को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट