Bihar SVU Raid: जमीन की मापी के नाम पर मांग रहा था लाखों, निगरानी ने बिछाया जाल और रंगे हाथ पकड़ा गया
Bihar SVU Raid: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने एक बार फिर कड़ा प्रहार किया है।...
Bihar SVU Raid: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने एक बार फिर कड़ा प्रहार किया है। वैशाली के लालगंज अंचल कार्यालय में तैनात अमीन सुजीत कुमार को घूसखोरी के आरोप में रंगे हाथ दबोच लिया गया, जिससे अंचल से लेकर जिला मुख्यालय तक हड़कंप मच गया है।
SVU के अपर पुलिस महानिदेशक पंकज कुमार दाराद के अनुसार, अमीन सुजीत कुमार जमीन परिमार्जन और मापीजैसे सरकारी कार्यों के बदले भारी-भरकम रिश्वत की मांग कर रहा था। आरोपी ने पप्पू कुमार से 3 लाख और आनंद कुमार से 60 हजार रुपये की मांग की थी। जैसे ही सुजीत कुमार ने पप्पू कुमार से पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये थामे, पहले से घात लगाकर बैठी SVU की टीम ने उसे दबोच लिया।
यह पहली बार नहीं है जब लालगंज का प्रशासनिक तंत्र सवालों के घेरे में आया है। इससे पहले जून 2025 में भी निगरानी विभाग ने तत्कालीन बीडीओ नीलम कुमारी और उनके चालक को प्रधानमंत्री आवास योजना में रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। लगातार हो रही इन गिरफ्तारियों ने अंचल कार्यालयों में व्याप्त सिंडिकेट और भ्रष्टाचार की गहरी जड़ों को उजागर कर दिया है।
पुलिस उपाधीक्षक चंद्रभूषण के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद SVU ने कांड संख्या-18/2026 दर्ज कर लिया है। आरोपी अमीन के पास से घूस की रकम बरामद कर ली गई है और अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि इस खेल में और कौन-कौन से अधिकारी शामिल हैं।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार