वैशाली पुलिस की बड़ी कामयाबी: महनार डकैती कांड का खुलासा, तीन दशक से फरार कुख्यात नेपाली डकैत गिरफ्तार
Bihar Crime : वैशाली पुलिस ने जिले के चर्चित महनार डकैती कांड का उद्भेदन कर दिया है। वहीं पुलिस ने इस अपराध में शामिल तीन दशक से फरार नेपाली डकैत जयराम को धर दबोचा है....
Vaisahli : जिले की पुलिस ने महनार में स्वर्ण व्यवसाई के घर हुई भीषण डकैती की गुत्थी सुलझाते हुए अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में नेपाल के सबसे वांछित और कुख्यात डकैत जयराम पासवान सहित तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। जयराम पासवान की गिरफ्तारी बिहार पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, क्योंकि वह साल 1998 के बाद पहली बार कानून के शिकंजे में आया है।
तीन दशक से दे रहा था चकमा, मलेशिया था ठिकाना
एसपी विक्रम सिहाग ने इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार जयराम पासवान अपराध की दुनिया में पिछले तीन दशकों से सक्रिय है, लेकिन वह कभी पकड़ा नहीं गया। जयराम की कार्यशैली बेहद शातिर थी; वह बिहार और नेपाल के सीमावर्ती जिलों में डकैती की बड़ी वारदातों को अंजाम देने के तुरंत बाद मलेशिया भाग जाता था। वहां कुछ समय छिपने के बाद वह दोबारा वापस लौटता और नई वारदात को अंजाम देता था। उस पर सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा और नेपाल में डकैती व आर्म्स एक्ट के 24 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं।
बेतिया की शादी में बनी थी डकैती की योजना
एसपी ने खुलासा किया कि महनार डकैती की पूरी पटकथा बेतिया में एक शादी समारोह के दौरान लिखी गई थी। इस समारोह में बिहार और नेपाल के अपराधियों का जमावड़ा हुआ था, जहां स्वर्ण व्यवसायी के घर धावा बोलने की प्लानिंग की गई। इस गैंग में 'जेन जी' (Gen Z) आंदोलन से भागे कुछ अपराधी भी शामिल थे। पुलिस के अनुसार, इस डकैती को नेपाल और बिहार के गैंग ने मिलकर संयुक्त रूप से अंजाम दिया था।
एसआईटी की छापेमारी और गिरफ्तारी का सिलसिला
मामले के उद्भेदन के लिए गठित एसआईटी ने सबसे पहले शिवहर निवासी कुख्यात अपराधी राजीव सिंह को दबोचा। राजीव की निशानदेही पर ही पुलिस ने नेपाली नागरिक जयराम पासवान और भोला साह को गिरफ्तार किया। भोला साह पर भी डकैती और बमबाजी के 11 मामले दर्ज हैं। अपराधियों के पास से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। हालांकि, डकैती का सामान लेकर फरार चल रहे बिहार गैंग के मुख्य सरगना इदरीश नट और उसके साथियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
पुलिस टीम को सम्मान, व्यवस्था पर मिली सराहना
सफल ऑपरेशन और इतने पुराने वांछित अपराधी को दबोचने पर एसपी विक्रम सिहाग ने महनार एसडीपीओ, डीआईयू और एसआईटी में शामिल सभी पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने की घोषणा की है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के व्यवसायियों ने राहत की सांस ली है। अधिकारियों का कहना है कि इदरीश नट की गिरफ्तारी के बाद लूटे गए जेवरात और नकदी की बरामदगी भी जल्द सुनिश्चित कर ली जाएगी।
रिषभ की रिपोर्ट