Bihar Crime: जमीन की जंग में निकला जनाजा, चाचा ने भतीजे का सिर कुचलकर ली जान, शादी से पहले ही उजड़ गया घर

Bihar Crime: जमीन के टुकड़े के लिए शादी की शहनाई से पहले ही मातम का साया छा गया।....

Vaishali Land dispute turns deadly uncle kills nephew
रिश्तों का खौफनाक अंजाम- फोटो : reporter

Bihar Crime: दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां मामूली जमीनी तकरार ने खून-खराबे का ऐसा मंजर पैदा कर दिया कि रिश्तों का क़त्ल हो गया। वैशाली के भगवानपुर थाना क्षेत्र के बिजलीपुर गांव में चाचा ने अपने ही भतीजे को ईंट से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। इस सनसनीखेज हत्या से पूरे इलाके में दहशत और मातम का माहौल है।

मृतक की पहचान राजू पासवान के रूप में हुई है, जो गांव के रहने वाले रंजीत पासवान का इकलौता बेटा था। बताया जा रहा है कि राजू और उसके चाचा संजय पासवान के बीच काफी समय से जमीन को लेकर तनातनी चल रही थी। गुरुवार की देर शाम यह पुराना विवाद फिर सिर उठा और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि रिश्तों की सारी हदें पार हो गईं।

इल्ज़ाम है कि गुस्से में अंधे हुए चाचा संजय पासवान ने राजू के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल राजू को परिजन फौरन अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस खौफनाक वारदात ने एक हंसते-खेलते परिवार को पल भर में उजाड़ दिया।

घटना की खबर मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार सत्यार्थी के मुताबिक, अभियुक्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की तहकीकात जारी है।

सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि राजू अपने परिवार का इकलौता वारिस था। उसकी शादी इसी साल नवंबर में तय थी, घर में खुशियों की तैयारियां चल रही थीं। लेकिन किस्मत ने ऐसा पलटा मारा कि शादी की शहनाई से पहले ही मातम का साया छा गया।गांव में सन्नाटा पसरा है, लोग सहमे हुए हैं और हर जुबान पर एक ही सवाल क्या जमीन के टुकड़े के लिए अब रिश्तों का खून बहाना ही रास्ता रह गया है?

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार