Bihar Crime: दोस्ती बनी दुश्मनी, विवाद के बाद युवक को सीने में मारी गोली, हालत गंभीर
Bihar Crime: मामूली विवाद के बाद दोस्ती के रिश्ते पर खून के छींटे पड़ गए।...
Bihar Crime: वैशाली नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात मामूली विवाद के बाद दोस्ती के रिश्ते पर खून के छींटे पड़ गए। नखास स्थित एसबीआई एटीएम के पास करीब रात 10:15 बजे एक युवक ने अपने ही दोस्त भोला महतो को गोली मार दी। गोली लगने से भोला गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
घायल युवक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के नखत चौक मीठा कुआं निवासी राजेंद्र महतो के पुत्र भोला महतो के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि भोला महतो अपने दोस्त के साथ प्रकाश चौक के समीप बैठा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों को समझाया और घर जाने के लिए कहा। मामला उस वक्त शांत होता दिखाई दिया।
लेकिन कुछ देर बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि भोला के दोस्त ने उसके सीने में गोली मार दी और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। गोली चलने की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद की असली वजह क्या थी और गोली चलाने वाले युवक की पहचान व गिरफ्तारी कैसे सुनिश्चित की जाए। फिलहाल घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार