Bihar Crime: पहले युवक को बुलाया, फिर मारी गोली, लहूलुहान हालत में लेकर फरार हुए अपराधी
Bihar Crime: वैशाली में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। ....
Bihar Crime: वैशाली में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। सराय थाना क्षेत्र के नरेंद्र प्रबोधी गांव में ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में खौफ और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। अपराधियों ने पहले एक युवक को मिलने के बहाने बुलाया और फिर उस पर ताबड़तोड़ गोली चला दी। हैरान करने वाली बात यह है कि गोली मारने के बाद अपराधी युवक को अपने साथ लेकर फरार हो गए। आखिर युवक कहां है? उसकी सांसें चल रही हैं या अपराधियों ने उसे मौत के घाट उतार दिया? इन सवालों ने पुलिस से लेकर परिजनों तक की बेचैनी बढ़ा दी है।
मिलने के बहाने बुलाया, फिर बरसा दी गोली!
लापता युवक की पहचान टिंकू कुमार उर्फ विवेक कुमार के रूप में हुई है। वह मझौली मोहम्मदपुर बुजुर्ग चौक का निवासी बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, अपराधियों ने उसे नरेंद्र प्रबोधी गांव में बुलाया था। वहां पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने अचानक उस पर गोली चला दी। वारदात के बाद अपराधी युवक को लेकर मौके से फरार हो गए। इस खौफनाक घटनाक्रम ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
घटनास्थल से मिले तीन खोखे, पुलिस महकमे में हड़कंप
गोलीबारी की सूचना मिलते ही सराय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से पुलिस ने तीन खोखे बरामद किए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी सोनू कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं, सदर एसडीपीओ-2 गोपाल मंडल ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और वारदात की हर कड़ी को जोड़ने में जुट गए हैं।
सबसे बड़ा सवाल: जिंदा है टिंकू या अपराधियों ने कर दी हत्या?
इस पूरे मामले में सबसे रहस्यमयी पहलू यही है कि गोली मारने के बाद अपराधी युवक को अपने साथ क्यों और कहां लेकर गए? क्या टिंकू कुमार जिंदा है या उसके साथ कोई बड़ी अनहोनी हो चुकी है? फिलहाल इन सवालों का जवाब सामने नहीं आया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है।
पुरानी रंजिश या कोई बड़ी साजिश?
पुलिस इस वारदात को कई एंगल से खंगाल रही है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है। उधर, युवक के लापता होने से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। गांव और आसपास के इलाकों में भय का माहौल है।वैशाली की इस वारदात ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। हर किसी की जुबान पर एक ही सवाल है आखिर टिंकू कुमार कहां है और उसे लेकर फरार हुए अपराधी कब पकड़े जाएंगे?
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार