Bihar News : पटना जिला उपभोक्ता आयोग फ्लैट का कब्जा नहीं देने पर बिल्डर पर लगाया जुर्माना, ब्याज सहित रिफंड का दिया आदेश
Bihar News : पटना जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने आवासीय फ्लैट की बुकिंग के बाद निर्माण पूरा न करने, कब्जा न देने के आरोप में बिल्डर के विरुद्ध महत्वपूर्ण आदेश सुनाया है।
PATNA : पटना स्थित जिला उपभोक्ता आयोग ने आवासीय फ्लैट की बुकिंग के बाद निर्माण कार्य पूरा नहीं करने, फ्लैट का कब्जा नहीं देने तथा बुकिंग रद्द होने के बावजूद पूरी जमा राशि वापस नहीं करने के मामले में बिल्डर के विरुद्ध महत्वपूर्ण आदेश पारित किया है। मामले में शिकायतकर्ता प्रीति कुमारी ने अग्रणी होम्स प्राइवेट लिमिटेड एवं उसके निदेशक के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायतकर्ता ने पटना के दानापुर स्थित सरारी में आवासीय परियोजना में 3-बीएचके फ्लैट की बुकिंग के लिए कुल 5,46,350 रुपये जमा करवाया था। निर्धारित समय में निर्माण कार्य पूरा नहीं होने और फ्लैट का कब्जा नहीं मिलने के कारण उन्होंने बुकिंग रद्द कर राशि वापस करने की मांग की थी।
आयोग ने मामले की सुनवाई के बाद बिल्डर की सेवा में कमी एवं अनुचित व्यापार व्यवहार को प्रमाणित पाया। आयोग ने विपक्षी पक्षों को संयुक्त एवं पृथक रूप से उत्तरदायी मानते हुए शिकायतकर्ता को 7,71,350 रुपये की शेष राशि पर शिकायत दर्ज करने की तिथि से वास्तविक भुगतान तक 5 प्रतिशत वार्षिक ब्याज देने का निर्देश दिया है।
इसके अतिरिक्त मानसिक एवं शारीरिक परेशानी के लिए 1 लाख रुपये मुआवजा तथा 25 हजार रुपये वाद खर्च देने का भी आदेश दिया गया है। आदेश का अनुपालन 60 दिनों के भीतर करना होगा। निर्धारित अवधि में अनुपालन नहीं होने पर बकाया राशि पर 8 प्रतिशत वार्षिक दंडात्मक ब्याज देय होगा। आयोग ने उपभोक्ता शिकायत संख्या 421/2017 में 30 अक्टूबर को यह आदेश पारित किया हैं। पीठ में आयोग के अध्यक्ष प्रेम रंजन मिश्रा एवं सदस्य रजनीश कुमार शामिल थे।