नवादा में दर्दनाक सड़क हादसे में सूरजभान की मौत, उजड़ गया परिवार का सहारा

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। नगर थाना प्रभारी उमाशंकर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

Road Accident in Nawada
Road Accident in Nawada- फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार के नवादा के नगर थाना क्षेत्र स्थित विजय बाजार में मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसे में करीब 36 वर्षीय कुमार सूरजभान उर्फ मुखिया जी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सब्जी मंडी के पास एक पिलर से टकरा गई। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।


मृतक न्यू एरिया मोहल्ले में रहते थे और धेवधा कॉलेज में डाटा ऑपरेटर के रूप में कार्यरत थे। वह परिवार के बड़े बेटे थे और पूरे घर की जिम्मेदारी उनके कंधों पर थी। घर से महज 200 मीटर की दूरी पर हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। बताया जाता है कि घर से निकलते समय उन्होंने पत्नी से कहा था कि थोड़ी देर में लौट आएंगे, लेकिन यह उनकी आखिरी विदाई साबित हुई।


घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। नगर थाना प्रभारी उमाशंकर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार, अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा होने की बात सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज में भी बाइक अनियंत्रित होकर तेज गति से जाती दिखाई दे रही है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है।

अमन की रिपोर्ट