Patna Crime: पटना में पुलिस के हत्थे चढ़ा 50 हजार इनामी अपराधी, चार बोतल शराब के साथ गिरफ्तारी

Patna Crime: पटना के श्रीकृष्णापुरी इलाके में पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी लिली सिंह को गिरफ्तार किया। उसके पास से चार बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

 Patna Crime

 Patna Crime: पटना के श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे पानी टंकी के पास से पकड़ा। गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से भोजपुर जिले के एकबाड़ी का रहने वाला है। वह पटना के श्रीकृष्णापुरी इलाके में अपने एक दोस्त के घर छिपकर रह रहा था।


गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से अंग्रेजी शराब की चार बोतलें भी बरामद की हैं।


हत्या और आर्म्स एक्ट समेत आठ मामले दर्ज


पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अपराधी लिली सिंह के खिलाफ पटना के अलग-अलग थानों में कुल आठ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या की कोशिश, आर्म्स एक्ट और मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री से जुड़े मामले शामिल हैं। लंबे समय से फरार रहने और गंभीर आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोपों के कारण पुलिस मुख्यालय ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।


गिरोह के दूसरे सदस्यों की तलाश में पूछताछ


फिलहाल पुलिस गिरफ्तार अपराधी से पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में उसके आपराधिक नेटवर्क और गिरोह के दूसरे सदस्यों के बारे में जानकारी मिल सकती है। पुलिस उसके पुराने मामलों और गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

पटना से अनिल की रिपोर्ट