बिहार में शराब तस्करी का 'पुष्पा स्टाइल' झारखंड से दूध की गाड़ी में छिपाकर लाए लाखों की शराब, नवादा में पुलिस ने ऐसे पकड़ा
वाहन की गहन तलाशी लेने पर जिस हिस्से में दूध रखा जाना चाहिए था, वहां विशेष रूप से छिपाकर रखी गई 246 कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान वाहन में सवार दो शराब तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया।
Bihar News : एक मशहूर फिल्म आई थी 'पुष्पा'। इस फिल्म में चंदन की लकड़ी की तस्करी के लिए पुष्पा का खास स्टाइल था। लेकिन फिल्मों से इतर बिहार में शराब माफिया भी पुष्पा स्टाइल में शराब तस्करी कर रहे हैं। बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद शराब माफिया तस्करी के लिए लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं। इस बार नवादा जिले में शराब तस्करों का ऐसा कारनामा सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया।
तस्करों ने दूध ढोने वाले मिनी कंटेनर वाहन को ही शराब तस्करी का जरिया बना लिया। हालांकि, उत्पाद विभाग की सतर्क टीम ने उनकी पूरी साजिश नाकाम कर दी। जानकारी के अनुसार, गोविंदपुर चेकपोस्ट पर नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान झारखंड की ओर से आ रहे एक दूध के मिनी कंटेनर वाहन पर उत्पाद विभाग की टीम को संदेह हुआ।
वाहन की गहन तलाशी लेने पर जिस हिस्से में दूध रखा जाना चाहिए था, वहां विशेष रूप से छिपाकर रखी गई 246 कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान वाहन में सवार दो शराब तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में पता चला कि शराब की यह खेप झारखंड से बेगूसराय ले जाई जा रही थी। बरामद शराब की अनुमानित कीमत बिहार में 8 से 9 लाख रुपये बताई जा रही है। दूध के कंटेनर से शराब निकलते देख मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए। उत्पाद विभाग ने वाहन को जब्त कर लिया है और गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ कर पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटा है।
अमन की रिपोर्ट