Bihar Crime: जेल से निकला… और बन गया टारगेट! मर्डर का आरोपी बना शिकार, हत्या से मचा हड़कंप

Bihar Crime:जेल से जमानत पर बाहर आए एक शख्स को सरेराह गोलियों से छलनी कर मौत के घाट उतार दिया गया।

Sasaram Freed from Jail Turns Target Murder Accused Killed
जेल से निकले शख्स की हत्या- फोटो : reporter

Bihar Crime:जेल से जमानत पर बाहर आए एक शख्स को सरेराह गोलियों से छलनी कर मौत के घाट उतार दिया गया। यह खौफनाक मंजर रोहतास जिले के सासाराम के दरिगांव थाना क्षेत्र के बभनगांवा गांव का है, जहां 45 वर्षीय दीपू साह उर्फ दीपू शाह की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस ब्लड गेम के पीछे पुरानी रंजिश की बू साफ महसूस की जा रही है।

मृतक दीपू साह का नाम पहले भी जुर्म की दुनिया से जुड़ा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, करीब दो साल पहले जमीन और पैसों के विवाद में सरोज पासवान नामक शख्स की हत्या हुई थी, जिसमें दीपू साह आरोपी था। इस मामले में वह जेल में बंद था और करीब छह महीने पहले ही जमानत पर बाहर आया था। लेकिन शायद उसे अंदाजा नहीं था कि जेल की सलाखों से बाहर निकलते ही मौत की साजिश उसका इंतजार कर रही है।

घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। परिजनों के मुताबिक, दीपू साह अपने घर लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। देखते ही देखते ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई गईं और मौके पर ही उनकी सांसें थम गईं। इस ओपन मर्डर ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी।

परिजनों ने प्रिंस कुमार, राकेश कुमार, विंध्याचल कुमार, पप्पू पासवान और गुड्डू पासवान पर सीधे तौर पर कत्ल का इल्जाम लगाया है। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी बड़की करपूरवा गांव के ही रहने वाले हैं और पुरानी दुश्मनी के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया।

घटना की खबर मिलते ही रौशन कुमार खुद मौके पर पहुंचे और जांच का जिम्मा संभाला। पुलिस ने फौरन एक्शन लेते हुए पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। साथ ही अज्ञात हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।

एफएसएल टीम ने घटनास्थल से कई अहम सुराग जुटाए हैं, जिससे इस खूनी साजिश की परतें खुलने की उम्मीद है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है, लेकिन गांव में अब भी तनाव का माहौल बना हुआ है।

रिपोर्ट- सोनू सिंह