Bihar Crime: ATM पर चोरों ने हाथ किया साफ, कटर से मशीन काट लाखों का कैश उड़ाया

Bihar Crime: चोरों ने आईडीबीआई बैंक के एटीएम को निशाना बनाकर सनसनीखेज चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

Sasaram ATM Robbery
ATM पर चोरों ने हाथ किया साफ- फोटो : reporter

Bihar Crime: रोहतास जिले के नगर थाना क्षेत्र के कुराईच में चोरों ने आईडीबीआई बैंक के एटीएम को निशाना बनाकर सनसनीखेज चोरी की वारदात को अंजाम दिया। देर रात एटीएम के शटर का ताला काटकर अंदर घुसे अपराधियों ने कटर की मदद से एटीएम मशीन को काट डाला और उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक चोरों ने लाखों रुपये की नकदी पर हाथ साफ किया है। हालांकि, बैंक की ओर से कैश का मिलान पूरा नहीं होने के कारण चोरी की सटीक रकम अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

बताया जा रहा है कि वारदात रविवार की तड़के करीब तीन बजे हुई। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार रात करीब ढाई बजे पुलिस गश्ती वाहन इलाके से गुजरा था। इसके कुछ ही देर बाद चोरों ने सुनियोजित तरीके से एटीएम को अपना निशाना बनाया। अपराधियों ने पहले शटर का ताला काटा और फिर अंदर पहुंचकर मशीन को कटर से काटकर कैश बॉक्स तक पहुंच बनाई।

घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए वारदात से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने की कार्रवाई शुरू की है। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से तकनीकी और भौतिक साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है।

पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की गतिविधियों और उनके भागने के रास्ते का सुराग मिल सके। एटीएम में कितनी नकदी मौजूद थी और चोरों ने वास्तव में कितने रुपये उड़ाए, इसका खुलासा बैंक अधिकारियों द्वारा कैश मिलान के बाद ही हो सकेगा।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी है और वारदात को अंजाम देने वाले अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी की जा रही है।

रिपोर्ट- रंजन कुमार