Bihar Crime: बिहार में सोना कारोबारी की गोली मारकर हत्या, बाइक और थैली सुरक्षित मिलने से उलझी गुत्थी

Bihar Crime: बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।...

 Bihar Crime: बिहार में सोना कारोबारी की गोली मारकर हत्या, ब
सोना कारोबारी की गोली मारकर हत्या- फोटो : social Media

Bihar Crime: बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में देर रात बेखौफ अपराधियों ने एक सोना कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात पगरा चौक के पास हुई, जहां हमलावरों ने दुकान बंद कर घर लौट रहे कारोबारी को निशाना बनाया। मृतक की पहचान सरदारगंज निवासी राजेश कुमार पोद्दार के रूप में हुई है। वह काली चौक के पास सोने-चांदी के आभूषण की दुकान चलाते थे। इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि कारोबारी के परिवार में मातम पसरा है।

परिजनों के मुताबिक, राजेश कुमार पोद्दार रोज की तरह अपनी दुकान बंद करने के बाद मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पगरा चौक के समीप अज्ञात अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। गोली लगने से उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना कर छानबीन शुरू कर दी। वारदात की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने और हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।

शुरुआत में इस वारदात के पीछे लूटपाट की आशंका जताई जा रही थी। हालांकि, जांच के दौरान कारोबारी की बाइक और उनकी थैली में रखा सामान सुरक्षित मिला। पुलिस ने सामान को अपने कब्जे में ले लिया है। सामान सुरक्षित मिलने के बाद हत्या के मकसद को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।यदि वारदात का मकसद लूटपाट था, तो अपराधी सामान लेकर क्यों नहीं भागे? क्या कारोबारी की हत्या के पीछे कोई दूसरी वजह है? फिलहाल इन सवालों के जवाब नहीं मिल सके हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। अभी तक हत्या की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

मृतक के परिजनों का कहना है कि राजेश कुमार पोद्दार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। परिवार ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करने और हत्या में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। अचानक हुई इस वारदात से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस अब घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, उपलब्ध जानकारी और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कारोबारी की किसी से पुरानी रंजिश तो नहीं थी या वारदात के पीछे कोई अन्य आपराधिक साजिश थी।

समस्तीपुर में सोना कारोबारी की हत्या ने एक बार फिर कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, हत्या के कारणों और आरोपियों के संबंध में पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।