पटना में काउंटिंग सेंटर के बाहर भारी हंगामा, फॉर्म-16 को लेकर गड़बड़ी का आरोप, पुलिस ने संभाला मोर्चा

हंगामे के दौरान चुनाव आयोग की ओर से मतगणना से जुड़े कर्मचारियों द्वारा ले जाई जा रही एक फाइल भी भीड़ ने छीन ली। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया।

Bihar MLC Election
Bihar MLC Election- फोटो : news4nation

Bihar MLC Election :  बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक और पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना के बीच पटना में काउंटिंग सेंटर के बाहर भारी हंगामा हो गया। विपक्षी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। विवाद उस समय बढ़ गया, जब चुनाव कार्य से जुड़े एक पदाधिकारी कुछ कागजात लेकर मतगणना केंद्र के अंदर जा रहे थे। विपक्षी नेताओं और प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों ने इन कागजात को लेकर सवाल उठाए और हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।


फॉर्म-16 को लेकर उठे सवाल

हंगामे की मुख्य वजह फॉर्म-16 को लेकर उठे सवाल बताए जा रहे हैं। विपक्षी नेताओं और प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों का आरोप था कि एक पदाधिकारी के पास ऐसे फॉर्म मौजूद थे, जिन्हें लेकर मतगणना केंद्र के अंदर जाने पर सवाल उठता है। उनका कहना था कि फॉर्म-16 मतपेटियों के साथ आता है, ऐसे में बाहर से फॉर्म लेकर अंदर जाने की जरूरत क्यों पड़ी? इसी मुद्दे पर विपक्षी कार्यकर्ताओं ने विरोध शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आशंका जताई कि कुछ फॉर्म में बदलाव किया जा सकता है। हालांकि, फॉर्म में बदलाव किए जाने के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।


भीड़ ने छीनी फाइल, पुलिस ने संभाला मोर्चा

हंगामे के दौरान चुनाव आयोग की ओर से मतगणना से जुड़े कर्मचारियों द्वारा ले जाई जा रही एक फाइल भी भीड़ ने छीन ली। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद फाइल में मौजूद कागजात को समेटा गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। मतगणना केंद्र के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।


सुबह आठ बजे शुरू हुई मतगणना

बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक और पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई। इन दोनों सीटों के नतीजों पर राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों की नजर टिकी हुई है। पटना के आयुक्त राजेश कुमार ने बताया कि मतगणना की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और मतपत्रों की गिनती सावधानीपूर्वक की जा रही है। उनके अनुसार, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का परिणाम देर शाम तक आने की संभावना है, जबकि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना में अधिक समय लग सकता है।


स्ट्रॉन्ग रूम में CCTV को लेकर RJD ने उठाए सवाल

मतगणना के दौरान राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की ओर से स्ट्रॉन्ग रूम में CCTV कैमरे नहीं होने को लेकर भी सवाल उठाए गए। इस पर पटना आयुक्त राजेश कुमार ने कहा कि मतगणना केंद्र के अंदर CCTV लगाने का कोई प्रावधान नहीं है। उन्होंने बताया कि मतपेटियों को स्ट्रॉन्ग रूम में रखने के बाद उनकी सुरक्षा के लिए CCTV कैमरों और रिकॉर्डिंग की व्यवस्था की गई है। मतगणना के दौरान प्रत्याशियों के एजेंट भी मौजूद रहते हैं और उनकी मौजूदगी में ही मतपत्रों की गिनती की जाती है। आयुक्त ने कहा कि जिन लोगों ने इस संबंध में सवाल उठाए थे, उनसे बातचीत कर स्थिति स्पष्ट की गई है।


पटना स्नातक और शिक्षक सीट के नतीजों पर टिकी नजर

पटना स्नातक और पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज है। इसी बीच काउंटिंग सेंटर के बाहर हुए हंगामे ने चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजर मतगणना के नतीजों और फॉर्म-16 को लेकर लगाए गए आरोपों की जांच पर है। प्रशासन की ओर से मामले में विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद ही विवाद की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

अभिजीत की रिपोर्ट