Bihar Crime: समस्तीपुर में फर्जी शराब केस का आरोप, थाना पुलिस की हाईकोर्ट में शिकायत, अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध

Bihar Crime: समस्तीपुर जिले से पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है।....

Samastipur Fake Liquor Case Allegation Against Police Reache
समस्तीपुर में फर्जी शराब केस का आरोप- फोटो : reporter

Bihar Crime: समस्तीपुर जिले से पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। मोहनपुर थाना पुलिस पर एक युवक को कथित तौर पर फर्जी शराब मामले में फंसाकर जेल भेजने का आरोप लगा है। यह मामला अब पटना हाईकोर्ट तक पहुंच चुका है, जहां शिकायतकर्ता ने पुलिस अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग की है।

शिकायतकर्ता शम्भू कुमार झा, जो वर्तमान में नई दिल्ली के द्वारका सेक्टर-15 स्थित जे.जे. कॉलोनी में रहते हैं, ने आरोप लगाया है कि उनके छोटे भाई पंकज कुमार झा को झूठे केस में फंसाया गया। शम्भू झा सामाजिक कार्यकर्ता हैं और जन विकास परिषद संस्थान से भी जुड़े हुए बताए जाते हैं।

शिकायत के अनुसार, 10 मार्च 2026 की रात पंकज कुमार झा घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों को ताश खेलते देख वे वहां रुक गए। आरोप है कि तभी मोहनपुर थाना पुलिस वहां पहुंची और कुल सात लोगों को हिरासत में लेकर थाने चली गई।

शम्भू झा का दावा है कि देर रात कथित तौर पर छह लोगों को पैसे लेकर छोड़ दिया गया, जबकि उनके भाई पर दो बोतल देसी शराब रखने का आरोप लगाकर एफआईआर संख्या 46/2026 के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया। हालांकि बाद में अदालत से उन्हें जमानत मिल गई।

शिकायतकर्ता ने हाईकोर्ट में दायर याचिका में थाना प्रभारी, जांच अधिकारी और सरकारी वाहन की लोकेशन जांच कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने पैसे लेकर अन्य लोगों को छोड़ दिया और उनके भाई को फर्जी केस में फंसा दिया।मामले की शिकायत डीएसपी, एसपी, डीआईजी, डीजीपी और मानवाधिकार आयोग तक किए जाने का दावा किया गया है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने के बाद परिवार ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है।फिलहाल बिहार पुलिस की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

रिपोर्ट- धीरज कुमार सिंह