Bihar Crime: मंदिरों पर चोरों का धावा, पूर्व MLC के गांव में भीषण चोरी से हड़कंप

चोरों ने अब धार्मिक स्थलों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है।

Rohtas Temple Theft RocksFormer RJD MLC Village Hit by Thiev
मंदिरों पर चोरों का धावा- फोटो : social Media

Bihar Crime:रोहतास जिले में चोरों ने अब धार्मिक स्थलों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। धर्मपुरा ओपी क्षेत्र के तिलई गांव में चोरों ने कई मंदिरों को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पूर्व RJD MLC कृष्णा सिंह के गांव में हुई इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। मंदिरों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, तिलई गांव स्थित काली मंदिर में चोरों ने सेंध लगाकर देवी के आभूषण समेत कई कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोर देवी का मुकुट, नेत्र और अन्य आभूषण चोरी कर फरार हो गए। सुबह जब मंदिर से सामान गायब होने की जानकारी ग्रामीणों को मिली तो इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, चोरों ने सिर्फ एक मंदिर को निशाना नहीं बनाया, बल्कि गांव के कई मंदिरों में चोरी किए जाने की बात सामने आई है। धार्मिक स्थलों में चोरी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। लोगों में इस बात को लेकर खासा गुस्सा है कि चोर बेखौफ होकर मंदिरों में घुस रहे हैं और धार्मिक आस्था से जुड़े सामान को भी नहीं छोड़ रहे।

ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले में जल्द कार्रवाई करने और चोरी की गई देवी की प्रतिमाओं से जुड़े आभूषण व अन्य सामान बरामद करने की मांग की है। साथ ही गांव के मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग उठ रही है।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और चोर किस रास्ते से मंदिर परिसर में दाखिल हुए। आसपास के इलाके में संदिग्ध गतिविधियों और चोरी की घटनाओं से जुड़े सुराग भी खंगाले जा रहे हैं।

तिलई गांव में एक साथ कई मंदिरों को निशाना बनाए जाने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर ठोस इंतजाम नहीं किए गए तो आने वाले दिनों में ऐसी वारदातों पर लगाम लगाना मुश्किल होगा।फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि चोरी की इस वारदात के पीछे कौन लोग हैं और मंदिरों से चोरी किए गए सामान की वास्तविक कीमत कितनी है। ग्रामीणों को अब पुलिस की कार्रवाई और चोरी के सामान की बरामदगी का इंतजार है।

रिपोर्ट- रंजन सिंह राजपूत