पटना बेखौफ अपराधियों का तांडव : मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड इंजीनियर के गले से सोने की चेन झपटी, बाइक सवार अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम

राजधानी पटना में पुलिस की सक्रियता के बावजदू छिनतई की घटना थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज रविवार को एकबार बेखौफ अपराधियों ने एक रिटायर्ड इंजिनियर को शिकार बनाया। मार्निग वॉक कर घर लौट रहे इंजिनियर के गले से बाइक सवार अपराधियों ने सोने के चेन झपट लिए

पटना बेखौफ अपराधियों का तांडव :  मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्
पटना में दिन-दहाड़े चेन स्नैचिंग- फोटो : अनिल कुमार

Patna : राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद बने हुए हैं। ताजा मामला शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के बेहद पॉश इलाके पुनाईचक का है, जहां हर्बल पार्क के समीप सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले एक रिटायर्ड चीफ इंजीनियर को बाइक सवार उच्चकों ने अपना निशाना बनाया और उनके गले से सोने की चेन झपट्टा मारकर फरार हो गए।


मॉर्निंग वॉक से घर लौट रहे थे पीड़ित, बाइक सवारों ने दिया घटना को अंजाम

यह दुस्साहसिक घटना रविवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे की है। पीड़ित रिटायर्ड चीफ इंजीनियर अपने घर के पास स्थित हर्बल पार्क में मॉर्निंग वॉक करने के बाद वापस घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर आए शातिर अपराधियों ने पीछे से उनके गले पर झपट्टा मारा और सोने की चेन छीनकर तेज रफ्तार से फरार हो गए।


स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर दी पुलिस को सूचना

दिनदहाड़े पॉश इलाके में हुई इस छिनतई की वारदात के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद प्रशासनिक अमले में हलचल तेज हो गई।


पुलिस के पास फिलहाल लिखित आवेदन नहीं, सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी टीम

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। हालांकि, घटना की गंभीरता को संज्ञान में लेते हुए स्थानीय थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगालकर अपराधियों की पहचान करने के प्रयास में जुट गई है।


अपराधियों की पहचान के लिए पुलिस का शिकंजा, जल्द गिरफ्तारी का दावा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सुराग तलाशे जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही इस वारदात को अंजाम देने वाले अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा 

अनिल की रिपोर्ट