पटना में मनचलों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा: खुशरूपुर में छात्राओं से छेड़खानी करते 5 गिरफ्तार

पटना में मनचलों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा: खुशरूपुर में छात्रा
पटना में मनचलों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा- फोटो : रजनीश

Patna : जमुई में हुई हालिया घटना के बाद पटना पुलिस महिलाओं, युवतियों और स्कूली छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। इसी क्रम में पटना जिले के खुशरूपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने विशेष धरपकड़ अभियान चलाकर पांच मनचलों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सार्वजनिक स्थानों, स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों के आसपास माहौल खराब करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ की गई है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र की छात्राओं और स्थानीय नागरिकों ने राहत की सांस ली है।


सादे कपड़ों में तैनात पुलिस टीम ने रंगे हाथों दबोचा 

वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्तिकेय शर्मा के निर्देश पर खुशरूपुर थानाध्यक्ष रौशन कुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। यह टीम सुबह से ही प्रमुख कोचिंग सेंटरों, कन्या पाठशालाओं और स्थानीय बाजारों के आसपास सादे कपड़ों में गश्त कर रही थी। इसी दौरान छात्राओं पर फब्तियां कसते, अश्लील फब्तियां बाजी करते और पीछा करते हुए पांच मनचलों को पुलिस बल ने रंगे हाथों दबोच लिया।


गिरफ्तार आरोपियों की हुई पहचानदर्ज हुआ केस 

थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान रोहन टोला निवासी शुभंकर पांडेय (24 वर्ष), कन्या पाठशाला क्षेत्र निवासी विकास कुमार (19 वर्ष), कायमपुर निवासी दीपक कुमार (23 वर्ष), सालिमपुर थाना क्षेत्र के मंझौली निवासी सौरभ कुमार (18 वर्ष) एवं फतुहा थाना क्षेत्र के मलविगहा निवासी रौशन कुमार (21 वर्ष) के रूप में की गई है। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकतें करने, छेड़खानी करने और शांति भंग करने की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।


SDPO 2 ने दी चेतावनीअभिभावकों से की अपील 

मामले की जानकारी देते हुए SDPO 2 संजीव कुमार ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी हुड़दंगबाज या मनचले को बख्शा नहीं जाएगा और सार्वजनिक स्थानों पर माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों और संगति पर विशेष नजर रखें।


सार्वजनिक और शैक्षणिक संस्थानों के पास बढ़ी चौकसी 

इस कार्रवाई के बाद खुशरूपुर तथा आसपास के फतुहा और सालिमपुर क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कोचिंग संस्थानों और स्कूलों की छुट्टी के समय सादे कपड़ों में महिला व पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती जारी रहेगी। इसका उद्देश्य छात्राओं को भयमुक्त माहौल प्रदान करना और किसी भी अप्रिय घटना को होने से पहले रोकना है।

रजनीश की रिपोर्ट