मोबाइल छीनकर भाग रहे बदमाश को लोगों ने पकड़ जमकर पीटा, नालंदा से रोज आकर पटना ने करता था छिनतई

मोबाइल छीनकर भाग रहे बदमाश को लोगों ने पकड़ जमकर पीटा, नालंद
मोबइल झपट भाग रहे बदमाश को लोगो ने पकड़ा- फोटो : अनिल कुमार

Patna राजधानी पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र में बुधवार को मोबाइल छिनतई की नियत से आए एक शातिर अपराधी को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। राहगीर का मोबाइल झपटकर भागने के दौरान आरोपी की चालाकी उसी पर भारी पड़ गई और भीड़ ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। आक्रोशित लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई करने के बाद घटना की सूचना तुरंत स्थानीय कंकड़बाग थाना पुलिस को दी।


राजेंद्र नगर पुल के पास की घटना, नीचे गिरा मोबाइल उठाने के चक्कर में पकड़ाया आरोपी 

जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक राहुल कुमार राजेंद्र नगर ओवरब्रिज होते हुए दक्षिणी गोलंबर की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश ने राहुल के हाथ से मोबाइल फोन झपटने का प्रयास किया। हालांकि, झपट्टा मारने की आपाधापी में मोबाइल छिटककर सड़क पर गिर गया। नीचे गिरे मोबाइल फोन को उठाने के चक्कर में बदमाश की रफ्तार धीमी हो गई, जिसे देखकर आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने उसे घेरकर पकड़ लिया और उसकी धुनाई कर दी।


पुलिस ने आरोपी कुंदन को किया गिरफ्तार, छिनतई में प्रयुक्त बाइक जब्त 

सूचना मिलते ही कंकड़बाग थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नालंदा जिले के कराय परशुराय निवासी कुंदन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना को अंजाम देने में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है और उसे थाने लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


नालंदा से रोज पटना आता था छिनतई करने, आधा दर्जन मामलों में संलिप्तता का खुलासा 

कंकड़बाग थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पकड़ा गया आरोपी कुंदन एक पेशेवर स्नैचर है। वह रोजाना नालंदा से अपनी बाइक पर सवार होकर पटना आता था और राहगीरों से मोबाइल छिनतई की वारदातों को अंजाम देकर वापस नालंदा लौट जाता था। पुलिसिया पूछताछ में आरोपी द्वारा पटना शहर में अब तक आधा दर्जन से अधिक मोबाइल स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है।


छिनतई के मोबाइलों से साइबर ठगी के कोण पर भी जांच में जुटी पुलिस 

थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस अब इस मामले को केवल छिनतई तक सीमित न रखकर साइबर क्राइम के एंगल से भी खंगाल रही है। हाल के दिनों में छीने गए और गुम हुए मोबाइलों का इस्तेमाल साइबर ठगी के गिरोहों द्वारा किए जाने के कई मामले प्रकाश में आए हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी कुंदन इन छीने गए मोबाइलों को किसे बेचता था और क्या उनका इस्तेमाल किसी बड़े अंतरप्रांतीय साइबर अपराध में तो नहीं किया जा रहा था।


अनिल की रिपोर्ट