Patna Crime: पटना में बीच सड़क पर प्रेमिका पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, खून से लथपथ हुई महिला, वीडियो वायरल

Patna Crime: प्रेम प्रसंग के विवाद में एक युवक ने अपनी विवाहित प्रेमिका पर चाकू से हमला कर दिया।...

Patna Woman Attacked With Knife
प्रेमिका पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला- फोटो : social Media

Patna Crime: पटना से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। परसा बाजार थाना क्षेत्र के न्यू एतवारपुर-कुरथौल में प्रेम प्रसंग के विवाद में एक युवक ने अपनी विवाहित प्रेमिका पर चाकू से हमला कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक महिला पर हमला करता नजर आ रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के वक्त आसपास कई लोग मौजूद थे, लेकिन कोई भी तत्काल महिला को बचाने के लिए आगे नहीं आया।बताया जा रहा है कि सोमवार को लालू पथ के सामने एक मुर्गा दुकान के पास प्रेमी-प्रेमिका के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने दुकान में रखा मुर्गा काटने वाला चाकू उठाया और महिला की गर्दन पर हमला कर दिया। हमले के बाद महिला खून से लथपथ होकर गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस ने घायल महिला को 70 फीट बाइपास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया।सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवक महिला पर चाकू से हमला करता दिखाई दे रहा है। घटनास्थल पर कई लोग मौजूद नजर आते हैं। हमले के दौरान अफरा-तफरी मच जाती है और लोग इधर-उधर हटते दिखाई देते हैं। वीडियो सामने आने के बाद घटना को लेकर इलाके में भी चर्चा तेज हो गई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान भोला यादव के 35 वर्षीय बेटे राजकुमार के रूप में बताई गई है। जानकारी के मुताबिक, दो दिन पहले राजकुमार ने महिला के लिए कपड़े भी खरीदे थे। आरोप है कि उसने कपड़े सिलवाने के बहाने महिला को कुरथौल बुलाया था। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ और महिला पर चाकू से हमला कर दिया गया।महिला गांधी मैदान इलाके में रहती थी।बताया गया है कि महिला करीब छह महीने पहले अपने पति के साथ एतवारपुर में किराए के मकान में रहती थी। बाद में वह मकान खाली कर गांधी मैदान इलाके में रहने लगी। महिला मूल रूप से जहानाबाद जिले की रहने वाली बताई जा रही है।

घटना की सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वहीं एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर खून के निशान समेत अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।