Patna Firing: पटना में खूनी संग्राम, गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला इलाका, दो महिलाओं समेत तीन लोग जख्मी

Patna Firing:राजधानी एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल गई है।...

Patna Three Injured in Firing Over Business Dispute
पटना में खूनी संग्राम- फोटो : reporter

Patna Firing:राजधानी एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल गई है।पटना जिले के खुशरूपुर थाना क्षेत्र स्थित चैनपुर गांव गुरुवार को उस समय गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा, जब गिट्टी आपूर्ति और कारोबार को लेकर दो पक्षों के बीच पुराना विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद के दौरान फायरिंग शुरू हो गई। इस गोलीबारी में दो महिलाओं समेत तीन लोग जख्मी हो गए, जिससे पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।

पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच गिट्टी सप्लाई और व्यवसाय को लेकर लंबे समय से तनातनी चल रही थी। गुरुवार को यह विवाद अचानक भड़क उठा और मामला हिंसक टकराव तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष ने हथियार निकाल लिए और ताबड़तोड़ गोलियां चलनी शुरू हो गईं। गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जबकि इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।

गोलीबारी की इस वारदात में रविंद्र प्रसाद के पुत्र दीपक कुमार (26 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। दीपक के पेट में गोली लगने की सूचना है, जिसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं 12 वर्षीय नेहा कुमारी और 50 वर्षीय सोना देवी भी गोलीबारी की चपेट में आ गईं। दोनों महिलाओं के पैर में गोली लगने की बात सामने आई है। घायलों के परिजनों में घटना के बाद कोहराम मचा हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही खुशरूपुर थाना पुलिस और अन्य अधिकारी हरकत में आ गए। फतुहा डीएसपी-2 ने प्रारंभिक जांच के आधार पर बताया कि गिट्टी की आपूर्ति और व्यवसाय को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के दौरान फायरिंग की घटना हुई, जिसमें तीन लोगों को गोली अथवा छर्रे लगे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल के लिए टीम रवाना कर दी गई है।

घटना के बाद चैनपुर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना दोबारा न हो सके। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गोलीबारी में किन-किन लोगों की संलिप्तता रही और किस पक्ष ने पहले फायरिंग की।

फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और पुलिस मामले की तह तक पहुंचने के लिए साक्ष्य जुटा रही है। चैनपुर की यह वारदात एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर रही है कि छोटे-छोटे कारोबारी विवाद किस तरह कानून और व्यवस्था को चुनौती देते हुए खूनी संघर्ष का रूप ले रहे हैं। अब सभी की निगाहें पुलिस कार्रवाई पर टिकी हैं कि इस गोलीकांड के जिम्मेदार लोगों पर कब और कैसी कार्रवाई होती है।

रिपोर्ट- रजनीश कुमार