Nitish Kumar : राज्यसभा में नीतीश कुमार का पहला दिन आज, एनडीए के सांसदों ने किया जोरदार स्वागत, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से की शिष्टाचार मुलाकात

Nitish Kumar : पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को पहली बार बतौर राज्यसभा सांसद संसद के उच्च सदन पहुंचे। जिनका घटक दलों के सांसदों ने गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया......पढ़िए आगे

Nitish Kumar : राज्यसभा में नीतीश कुमार का पहला दिन आज, एनडी
नीतीश का पहला दिन - फोटो : SOCIAL MEDIA

New Delhi : जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को पहली बार बतौर राज्यसभा सांसद संसद के उच्च सदन पहुंचे। संसद के चल रहे मॉनसून सत्र की कार्यवाही में हिस्सा लेने नई दिल्ली पहुंचे नीतीश कुमार ने सदन की प्रक्रियाओं में भाग लिया। संसद भवन पहुंचने पर जेडीयू और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के अन्य घटक दलों के सांसदों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। नीतीश कुमार की सक्रिय मौजूदगी से उच्च सदन में जेडीयू सांसदों के बीच खासा उत्साह देखा गया।

सदन की कार्यवाही के दौरान उन्होंने देश के उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन से औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा भी उनके साथ उपस्थित रहे। मुलाकात के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर उपराष्ट्रपति के साथ तस्वीरों को साझा किया। संजय झा ने इस मुलाकात के संबंध में बताया कि यह एक औपचारिक शिष्टाचार भेंट थी, जिसमें दोनों शीर्ष नेताओं ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि देश की राजनीति में एक लंबे और ऐतिहासिक कार्यकाल के बाद नीतीश कुमार ने मार्च 2026 में बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके उपरांत उन्होंने केंद्रीय राजनीति में वापसी करते हुए राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण की थी। बतौर सांसद संसद के उच्च सदन में उनका यह पहला सत्र है, जिसे लेकर राजनीतिक गलियारों में भी काफी हलचल और चर्चा देखी जा रही है।

राष्ट्रीय राजधानी आगमन के क्रम में जेडीयू अध्यक्ष ने बीते शुक्रवार को लुटियंस दिल्ली स्थित 7 सुनहरी बाग रोड वाले अपने नए आवंटित सरकारी आवास में गृह प्रवेश किया था। इस दौरान एनडीए के कई दिग्गज नेता और मंत्री उन्हें बधाई देने पहुंचे थे। इसके बाद वे थोड़े समय के लिए वापस पटना चले गए थे, जहाँ सोमवार को उन्होंने अपने बेटे एवं बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के जन्मदिन के अवसर पर परिवार के साथ समय बिताया। इसी व्यस्तता के चलते वे मॉनसून सत्र के पहले दिन सदन में उपस्थित नहीं हो सके थे।

पारिवारिक कार्यक्रम संपन्न होने के उपरांत जेडीयू अध्यक्ष पुनः दिल्ली लौट आए और मंगलवार को सीधे राज्यसभा की कार्यवाही में शामिल हुए। सूत्रों और पार्टी नेताओं के अनुसार, 20 जुलाई से शुरू हुआ संसद का यह मॉनसून सत्र आगामी 13 अगस्त तक चलेगा, और इस दौरान नीतीश कुमार राष्ट्रीय राजधानी में ही रहकर सदन की बैठकों और महत्वपूर्ण विधायी कार्यों में हिस्सा लेंगे।