Patna Crime: बच्ची के मुंह बिचकाने से भड़का विवाद, ईंट-पत्थरों की हुई बरसात, दर्जनों घायल

Patna Crime: एक बच्ची के मुंह बिचकाने की बात को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्ष आमने-सामने आ गए।...

Patna Stone Pelting Erupts
: बच्ची के मुंह बिचकाने से भड़का विवाद- फोटो : reporter

Patna Crime: एक बच्ची के मुंह बिचकाने की बात को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्ष आमने-सामने आ गए।  पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के मकसूदपुर गांव में शनिवार की रात मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप अख्तियार कर लिया। एक बच्ची के मुंह बिचकाने की बात को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी से शुरू हुआ विवाद इतनी तेजी से बढ़ा कि दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे। अचानक हुई पत्थरबाजी से गांव में अफरा-तफरी मच गई और दर्जनों लोगों के घायल होने की सूचना सामने आई है।

बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत बच्ची के मुंह बिचकाने को लेकर हुई थी। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला हाथापाई तथा पथराव तक पहुंच गया। दोनों तरफ से एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसाए गए। घटना के बाद मकसूदपुर में तनाव का माहौल कायम हो गया और लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए।

हंगामे की खबर मिलते ही फतुहा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने की कवायद शुरू कर दी। एहतियात के तौर पर गांव में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस लगातार इलाके में गश्त कर रही है, ताकि दोबारा किसी तरह का बवाल न हो।

फतुहा SDPO अवधेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बच्ची के मुंह बिचकाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू होने की बात सामने आई है। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए और ईंट-पत्थर से हमला किया गया। इस घटना में दर्जनों लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है।

SDPO के मुताबिक, फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से थाने में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद किस वजह से इतना बढ़ा और पथराव में किन-किन लोगों की भूमिका रही।

पुलिस ने स्थानीय लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल मकसूदपुर गांव में पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। हालांकि मामूली बात पर हुए इस बवाल ने गांव की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जरूर बढ़ा दी है।

रिपोर्ट- रंजीत कुमार