Bihar Crime: 50 लाख की रंगदारी के लिए स्कूल पर गोलियों की बौछार, डेढ़ दर्जन राउंड फायरिंग से दहशत

Bihar Crime: अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक निजी विद्यालय को गोलियों से छलनी कर दिया।

Muzaffarpur Firing School
स्कूल पर गोलियों की बौछार- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक निजी विद्यालय को गोलियों से छलनी कर दिया। NH-28 स्थित चन्द्रशील विद्यापीठ स्कूल की दीवारों और मुख्य गेट पर बदमाशों ने करीब डेढ़ दर्जन राउंड फायरिंग की। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्कूल परिसर में दहशत का माहौल कायम हो गया।

घटना को लेकर सबसे सनसनीखेज पहलू यह सामने आया है कि अपराधियों ने विद्यालय के मुख्य द्वार पर 50 लाख रुपये की रंगदारी की मांग वाला पर्चा चिपकाया है। इससे प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि गोलीबारी का मकसद विद्यालय प्रबंधन पर दबाव बनाना और रंगदारी की रकम वसूलने के लिए खौफ पैदा करना हो सकता है।

बताया जा रहा है कि अपराधियों ने स्कूल की दीवार और गेट को निशाना बनाकर लगातार गोलियां बरसाईं। गोलियों की तड़तड़ाहट से आसपास का इलाका गूंज उठा। फायरिंग के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी।वारदात की सूचना मिलते ही कांटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। मुजफ्फरपुर पश्चिमी SDPO सुचित्रा कुमारी भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने स्कूल की दीवार और गेट का निरीक्षण कर फायरिंग से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।

पुलिस अब इस बात की छानबीन कर रही है कि फायरिंग करने वाले बदमाश कौन थे, कितने लोग वारदात में शामिल थे और उनका मकसद सिर्फ रंगदारी की धमकी देना था या इसके पीछे कोई और साजिश भी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जाने की संभावना है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।स्कूल के मुख्य द्वार पर 50 लाख रुपये की रंगदारी का पर्चा मिलने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल गोलीबारी की इस वारदात ने कांटी और NH-28 इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा