पटना के दीदारगंज हत्याकांड का खुलासा : आपसी रंजिश में हुई थी रामप्रवेश की हत्या, दो गिरफ्तार
पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र में हुए रामप्रवेश हत्या कांड मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रामप्रवेश की लाश एक खेत से बरामद हुई थी। पुलिस के अनुसार यह हत्या आपसी रंजिश में हुई थी....
Patna : पटना पुलिस ने दीदारगंज थाना क्षेत्र के सोनावां गांव निवासी रामप्रवेश सिंह की हत्या के मामले का सफल उद्भेदन कर लिया है। सोमवार को फतुहा एसडीपीओ-1 अवधेश कुमार ने बताया कि यह हत्या किसी बाहरी रंजिश में नहीं, बल्कि आपसी विवाद के चलते की गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले के दो मुख्य आरोपियों को धर दबोचा है।
एसडीपीओ ने बताया कि शनिवार की सुबह पुलिस को खानपुर के पास एक परती खेत में शव होने की सूचना मिली थी, जिसकी पहचान रामप्रवेश सिंह के रूप में हुई। पुलिस अनुसंधान में यह बात सामने आई कि 8 मई की रात करीब 9 बजे आरोपियों ने रामप्रवेश को घेरा और पहले उनके साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद रंजिश को अंजाम देते हुए उनके सीने में गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई और शव को खेत में फेंक कर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम में पुलिस अवर निरीक्षक प्रदीप कुमार, मनीष कुमार, सुजीत कुमार सिंह और सहायक अवर निरीक्षक ब्रम्हदेव कुमार यादव शामिल थे। पुलिस टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट्स के आधार पर संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी शुरू की। पुलिस की सक्रियता के कारण आरोपियों को भागने का मौका नहीं मिला और वे जल्द ही पकड़े गए।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सोनावां गांव के ही मुन्ना कुमार (पिता- रामस्वार्थ सिंह) और प्रमोद कुमार (पिता- मधु सिंह) के रूप में हुई है। एसडीपीओ अवधेश कुमार ने जानकारी दी कि मृतक के भाई रंजन कुमार के लिखित आवेदन पर दीदारगंज थाना में कांड संख्या-114/26 दर्ज किया गया था। पुलिस अब इन दोनों आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है ताकि इनके अन्य कारनामों का भी पता लगाया जा सके।
फिलहाल, इस पूरे मामले में आगे के अनुसंधान और कानूनी प्रक्रिया की जिम्मेदारी एसआई मेवालाल कुमार को सौंपी गई है। पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है ताकि हत्या में शामिल किसी भी अन्य संभावित कड़ी का पता लगाया जा सके। इस खुलासे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है, वहीं पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध इस तरह का सख्त अभियान जारी रहेगा।
रजनीश की रिपोर्ट