पटना पुलिस ने बालू माफियाओं को वाहन बेचने वाले गिरोह का किया खुलासा, पटना से चोरी हुआ ट्रैक्टर झारखंड से बरामद

Bihar Crime : पटना पुलिस ने अंतरराज्यीय ट्रैक्टर चोर गिरोह का खुलासा करते हुए गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह बिहार से ट्रैक्टर चोरी कर पड़ोसी राज्य झारखंड में बालू माफियाओं को बेच दिया करते थे...

पटना पुलिस ने बालू माफियाओं को वाहन बेचने वाले गिरोह का किया
ट्रैक्टर चोर गिरोह का खुलासा - फोटो : अनिल कुमार

Patna : राजधानी पटना के परसा बाजार थाना क्षेत्र में हुई ट्रैक्टर चोरी की वारदात का पटना पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पूर्वी एसपी परिचय कुमार ने इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने एक ऐसे अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो पटना से ट्रैक्टर चोरी कर उन्हें पड़ोसी राज्य झारखंड में बेच दिया करता था। पुलिस ने इस मामले में दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का मास्टरमाइंड फिलहाल फरार है।


झारखंड के चतरा से ट्रैक्टर बरामद 

उन्होंने बताया कि पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बिहार से लेकर झारखंड तक छापेमारी की। इस कड़ी कार्रवाई के दौरान चोरी गया ट्रैक्टर (BR01GF3849) झारखंड के चतरा जिले के मयूरहण्ड से बरामद कर लिया गया। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान रंजीत बिन्द (पटना) और ओमप्रकाश यादव (हजारीबाग) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से चोरी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।


डेढ़ लाख में होता था सौदा 

पूछताछ के दौरान गिरोह के काम करने के तरीके का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। यह गिरोह पटना और आसपास के इलाकों से ट्रैक्टर चोरी करने के बाद उन्हें बेहद कम कीमतों पर बेच देता था। एसपी ने बताया कि चोरी के इन ट्रैक्टरों का सौदा मात्र डेढ़ लाख रुपये में तय किया जाता था। कम कीमत होने के कारण अपराधी इन वाहनों को जल्दी ठिकाने लगा देते थे और मोटी कमाई करते थे।


बालू कारोबारियों से जुड़े हैं तार 

जांच में यह बात भी सामने आई है कि चोरी किए गए ट्रैक्टरों के मुख्य खरीदार बालू के अवैध कारोबार में शामिल माफिया और कारोबारी होते हैं। अपराधी चोरी के ट्रैक्टरों को बिना किसी वैध कागजात के बालू ढोने के लिए बालू कारोबारियों को बेच देते थे, ताकि पकड़े जाने पर भी उनका कम से कम नुकसान हो। पुलिस अब उन खरीदारों को भी चिन्हित कर रही है जिन्होंने चोरी के ट्रैक्टर खरीदे थे।


मास्टरमाइंड की तलाश में छापेमारी जारी 

हालांकि पुलिस ने दो अभियुक्तों को सलाखों के पीछे भेज दिया है, लेकिन गिरोह का मुख्य सरगना अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। एसपी परिचय कुमार ने कहा कि मास्टरमाइंड की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही है। इस सफल कार्रवाई में शामिल परसा बाजार थाने की टीम को पुलिस विभाग द्वारा पुरस्कृत करने की अनुशंसा भी की गई है।


अनिल की रिपोर्ट