Bihar News : मोतिहारी पुलिस का 'ऑपरेशन क्लीन', रक्सौल में स्मैक और चरस के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, नशा कारोबारियों में मचा हड़कंप

Bihar News : मोतिहारी पुलिस का 'ऑपरेशन क्लीन', रक्सौल में स्

MOTIHARI : सीमावर्ती शहर रक्सौल में सूखे नशे के खिलाफ पुलिस ने सर्जिकल स्ट्राइक की है। मोतिहारी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में चरस और स्मैक बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को धर दबोचा है। सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) सह रक्सौल थानाध्यक्ष हेमंत कुमार सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से नशीले पदार्थों के अवैध कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है।

गांधी नगर के एक घर में चल रहा था नशे का खेल

एएसपी हेमंत कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली थी कि रक्सौल के गांधी नगर क्षेत्र स्थित एक मकान में नशे का काला कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई और बताए गए ठिकाने पर अचानक छापेमारी की गई। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने तस्करों को भागने का मौका तक नहीं दिया और मौके से नशे की बड़ी खेप बरामद की गई।

स्मैक, चरस और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने कमरे की तलाशी ली, जहाँ से लगभग 10 ग्राम स्मैक और 220 ग्राम चरस जैसा प्रतिबंधित पदार्थ बरामद हुआ। इसके साथ ही पुलिस ने नशा तौलने वाला एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक लाइटर और तीन चिलम भी जब्त किए हैं। बरामदगी से यह स्पष्ट है कि आरोपी न केवल तस्करी कर रहे थे, बल्कि इसे छोटे-छोटे पैकेटों में तौलकर बेचने और पीने-पिलाने का अड्डा भी चला रहे थे।

अहिरवाटोला के रहने वाले हैं सभी गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने मौके से चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान ब्रजकिशोर यादव उर्फ सिपाही यादव, प्रमेश कुमार, नवनीत कुमार और विशाल कुमार के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी रक्सौल थाना क्षेत्र के अहिरवाटोला के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस अब इनके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे की यह खेप कहाँ से आई थी और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था।

कांड दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस टीम

इस संबंध में रक्सौल थाना में कांड संख्या 204/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस सफल छापेमारी दल में एएसपी के साथ पुलिस अवर निरीक्षक कुशलेश पाण्डेय, कृष्णमुरारी, जितेन्द्र कुमार और पुलिस बल के जवान शामिल थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले ड्रग तस्करों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।