पटना में नशीली दवाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 6 गिरफ्तार; हजारों इंजेक्शन और कैप्सूल बरामद

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से मिली सूचना के आधार पर टीम ने जीरो माइल रोड स्थित यूनिक फार्मा की दुकान और गोदाम में छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां से करीब 5,500 नशीली टैबलेट और 3,875 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए।

Patna Drug Bust
Patna Drug Bust - फोटो : news4nation

Patna News : राजधानी पटना में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अगमकुआं थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे और निशानदेही पर हजारों की संख्या में नशीले इंजेक्शन, टैबलेट और कैप्सूल बरामद किए गए हैं।


अगमकुआं थाना क्षेत्र में वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर अवैध शराब और नशीली दवाओं की बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में पुलिस टीम ने टीओपी टावर के पास चार लोगों को 415 नशीले इंजेक्शन के साथ पकड़ा। पूछताछ के दौरान पुलिस को नशीली दवाओं की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जानकारी मिली।


पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से मिली सूचना के आधार पर टीम ने जीरो माइल रोड स्थित यूनिक फार्मा की दुकान और गोदाम में छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां से करीब 5,500 नशीली टैबलेट और 3,875 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए। इस कार्रवाई के बाद मामले में दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।


मुख्य सरगना पुलिस गिरफ्त में


पुलिस ने पूरे मामले में विक्रांत कुमार, आदित्य राज, अनिल कुमार, पंकज पासवान, अफगान आलम और शहनाज आलम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, अफगान आलम इस नेटवर्क का मुख्य सरगना बताया जा रहा है। उससे पूछताछ कर नशीली दवाओं के सप्लाई नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।


छापेमारी में बरामद सामान में 4,290 पीस LEEGESIC INJECTION और 5,544 पीस SPASMO-PROXYVON PLUS CAPSULES भी शामिल हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में नशीली दवाओं की सप्लाई कहां से हो रही थी और इन्हें पटना समेत दूसरे इलाकों में किन लोगों तक पहुंचाया जाता था।


दवा मंडी से जुड़े लोगों की भी जांच

पुलिस को पूछताछ के दौरान गोविंद मित्रा रोड स्थित दवा मंडी से जुड़े कुछ अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिली है। पुलिस इन लोगों की भूमिका की जांच कर रही है और जरूरत के अनुसार आगे कार्रवाई की जा रही है। इस पूरे मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत कांड दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है और नशीली दवाओं के इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

अनिल की रिपोर्ट