पटना के डॉक्टर से 2 करोड़ की हनी ट्रैप ठगी! रेप केस में फंसाने की धमकी देकर करोड़ों ऐंठे, दंपती पर FIR, 10 लाख की फिर डिमांड के बाद पत्नी ने निकाल दी हेकड़ी

Bihar Crime: पटना के एक डॉक्टर से कथित ब्लैकमेलिंग और ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ...

Patna Doctor Duped of 2  Cr in Honey Trap Couple Booked
पटना के डॉक्टर से 2 करोड़ की हनी ट्रैप ठगी! - फोटो : social Media

Bihar Crime: पटना के एक डॉक्टर से कथित ब्लैकमेलिंग और ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि मुजफ्फरपुर की एक कोचिंग संचालिका और उसके पति ने डॉक्टर से दोस्ती बढ़ाने के बाद अलग-अलग बहानों से करीब 2.03 करोड़ रुपये ऐंठ लिए। जब डॉक्टर ने और पैसे देने से इनकार किया तो उसे कथित तौर पर रेप के झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी जाने लगी। मामले में डॉक्टर की पत्नी कविता ने मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा निवासी कोचिंग संचालिका चांदनी झा और उसके पति निखिल के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

मां के इलाज के नाम पर शुरू हुई पैसों की मांग

कविता के मुताबिक, वर्ष 2024 में चांदनी और उसके पति की डॉक्टर से दोस्ती हुई। इसके बाद व्हाट्सऐप पर बातचीत शुरू हो गई। चांदनी ने सबसे पहले अपनी मां के इलाज के नाम पर 20 हजार रुपये मांगे। डॉक्टर ने मदद कर दी।इसके बाद अलग-अलग जरूरतों और बहानों का हवाला देकर पैसे मांगे जाने लगे। करीब 4-5 लाख रुपये देने के बाद डॉक्टर ने हाथ खींचना चाहा तो चांदनी ने मिठनपुरा में नया कोचिंग संस्थान खोलने की बात कही और इसके लिए 10 लाख रुपये मांगे। आरोप है कि अगले कुछ महीनों में डॉक्टर ने यह रकम भी दे दी।

‘पैसे नहीं दिए तो रेप केस में फंसा देंगे’

कविता के अनुसार, नवंबर 2025 में चांदनी और उसके पति ने डॉक्टर को मुशहरी स्थित एक कार्यालय के पास बुलाया। वहां कथित तौर पर एक सेल्फी फोटो का हवाला देकर धमकी दी गई कि यदि पहले की तरह पैसे नहीं दिए तो रेप केस में फंसा दिया जाएगा। शिकायत के मुताबिक, डॉक्टर को डराया गया कि इससे उनकी नौकरी और प्रतिष्ठा दोनों बर्बाद हो जाएगी।

1.32 करोड़ की रकम का लीगल डिक्लेरेशन

शिकायत में दावा किया गया है कि चांदनी ने डॉक्टर से स्टांप पेपर पर लीगल डिक्लेरेशन देने को कहा। इसके बाद 18 दिसंबर 2025 को डॉक्टर ने मुजफ्फरपुर कोर्ट से गैर-न्यायिक स्टांप पेपर लेकर एक घोषणा तैयार की। इसमें उस समय तक दिए गए 1,32,64,960 रुपये का उल्लेख होने की बात कही गई है।आरोप है कि इसके बाद भी पैसों की मांग बंद नहीं हुई। चांदनी पर आत्महत्या की धमकी देकर डॉक्टर को दबाव में रखने का भी आरोप लगाया गया है।

7 जुलाई की रात फूट-फूटकर रोने लगे डॉक्टर

कविता ने पुलिस को बताया कि 7 जुलाई की रात उनके पति अचानक उठकर जोर-जोर से रोने लगे। वजह पूछने पर उन्होंने कथित ब्लैकमेलिंग की पूरी कहानी बताई। डॉक्टर ने बताया कि अब तक करोड़ों रुपये दिए जा चुके हैं और फिर भी उनसे 10 लाख रुपये मांगे जा रहे हैं। पैसे नहीं देने पर हत्या की धमकी मिलने का भी आरोप लगाया गया है।

लोन, GPF और दोस्तों से उधार लेकर भी दिए पैसे

कविता के मुताबिक, लगातार धमकियों के दबाव में डॉक्टर ने पर्सनल बैंक लोन, GPF और दोस्तों से उधार लेकर करीब 58 लाख रुपये और दिए। इसके बाद 5 जुलाई 2026 की रात चांदनी ने कथित तौर पर व्हाट्सऐप पर मैसेज कर 10 लाख रुपये और भेजने को कहा और इसे आखिरी मांग बताया।

कविता का कहना है कि परिवार ने डॉक्टर की मानसिक स्थिति देखते हुए रकम देने पर सहमति जताई और उन्होंने चांदनी के खाते में जमा करने के लिए 10 लाख रुपये का PNB चेक भी दिया। इसके बावजूद कथित धमकियां जारी रहीं।