Bihar Crime: पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर दी थी पति की हत्या की सुपारी, 40 हजार में तय हुआ था सौदा, ऐसे खुला राज

Bihar Crime: पटना के बिहटा में हुए इरफान इमाम उर्फ कल्लू ड्राइवर हत्याकांड में पुलिस ने एक और अहम गिरफ्तारी की है। ..

Bihar Crime: पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर दी थी पति की हत्या
पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर दी थी पति की हत्या की सुपारी- फोटो : X

Bihar Crime: पटना के बिहटा में हुए इरफान इमाम उर्फ कल्लू ड्राइवर हत्याकांड में पुलिस ने एक और अहम गिरफ्तारी की है। सिमरी गांव में घर के अंदर घुसकर युवक को गोली मारने वाले मुख्य शूटर को पुलिस ने हिरासत में लिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि पकड़ा गया मुख्य शूटर नाबालिग है। पुलिस के मुताबिक, उसने पूछताछ के दौरान वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। हालांकि, हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार अब तक बरामद नहीं हो सका है।

इस सनसनीखेज वारदात की कहानी पति-पत्नी के रिश्ते में पनपे विवाद और कथित प्रेम प्रसंग से जुड़ी बताई जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी नेहा परवीन उर्फ फौजिया फिरदौस का गांव के ही करण कुमार के साथ प्रेम संबंध था। इरफान को इस रिश्ते पर एतराज था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद होता था। पुलिस के अनुसार, इसके बाद पत्नी ने कथित तौर पर प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि करण कुमार ने हत्या को अंजाम देने के लिए एक शूटर को 40 हजार रुपये की सुपारी दी थी। इस रकम का इंतजाम करने के लिए नेहा परवीन ने जीविका समूह से ऋण लिया था और पैसे प्रेमी को दिए थे। पुलिस के मुताबिक, इसी रकम के जरिए हत्या की योजना को अंजाम तक पहुंचाया गया।

दरअसल, 10 नवंबर की देर रात बाइक सवार दो बदमाश बिहटा थाना क्षेत्र के सिमरी गांव स्थित इरफान के घर में घुस गए थे। बदमाशों ने 32 वर्षीय इरफान इमाम उर्फ कल्लू ड्राइवर को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद अपराधी मृतक का मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।

मामले की तफ्तीश के लिए दानापुर डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी। पुलिस ने घटना के 36 घंटे के भीतर मृतक की पत्नी नेहा परवीन, उसके कथित प्रेमी करण कुमार और एक अन्य नाबालिग को हिरासत में लिया था। अब मुख्य शूटर को भी पकड़ लिया गया है। डीएसपी के मुताबिक, मामले में आगे की जांच जारी है।

फिलहाल पुलिस हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है। इस मामले में नाबालिग आरोपी होने के कारण आगे की कानूनी प्रक्रिया किशोर न्याय कानून के प्रावधानों के तहत होगी।