गंगा दशहरा पर पटना के घाटों पर उमड़ेगी भीड़, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम; एसडीएम ने की खास अपील
गंगा दशहरा के पावन अवसर पर पटना के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। घाटों पर मजिस्ट्रेट, पुलिस बल, SDRF-NDRF और मेडिकल टीम तैनात रहेगी। जाने क्या है एसडीएम ने की खास अपील
राजधानी पटना के विभिन्न गंगा घाटों पर मंगलवार यानी कल गंगा दशहरा के अवसर पर पवित्र स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के अनुमान को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और निगरानी की पुख्ता तैयारियां की जा रही हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित स्नान सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रमुख घाटों पर प्रशासनिक टीमों को तैनात किया जा रहा है।
बैरिकेडिंग की जांच और खतरनाक घाटों पर स्नान से बचने की अपील
पटना सदर एसडीएम कृतिका मिश्रा ने बताया कि छठ महापर्व के दौरान सुरक्षा के दृष्टिकोण से घाटों पर की गई बैरिकेडिंग को गंगा दशहरा स्नान के मद्देनजर यथावत रखा गया था, जिसकी अब बारीकी से जांच की जा रही है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अनुपयुक्त या खतरनाक घाटों का उपयोग न करें और जिन स्थानों पर चेतावनी के रूप में लाल कपड़ा लगा है, वहां स्नान के लिए बिल्कुल न जाएं।
मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और SDRF-NDRF की रहेगी तैनाती
स्नान पर्व के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए घाटों पर मजिस्ट्रेट के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अतिरिक्त, नदी में निगरानी और त्वरित बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ (SDRF) और एनडीआरएफ (NDRF) की टीमें भी मुस्तैद रहेंगी।
मेडिकल टीम, हेल्प डेस्क और कंट्रोल रूम से होगी निगरानी
श्रद्धालुओं की सहायता और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रमुख घाटों पर मेडिकल टीम, हेल्प डेस्क और नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किए जा रहे हैं। प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से स्नान के दौरान सतर्कता बरतने और मौके पर तैनात अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
पटना से अनिल की रिपोर्ट