नेपाल से पटना लाई जा रही 72.240 किलो मादक पदार्थ की खेप बरामद, 5 तस्कर गिरफ्तार

तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से कुल 72.240 किलो गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मौके से पांच लोगों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। बरामद मादक पदार्थ और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है।

Smuggling in Bihar
Smuggling in Bihar- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो की टीम को बड़ी सफलता मिली है। 11 सितंबर 2026 को ब्यूरो की विशेष अभियान टीम ने वैशाली के भगवानपुर थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो वाहनों से 72.240 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान मौके से पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।


मिली जानकारी के अनुसार, मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के विशेष अभियान दल को मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप की तस्करी से संबंधित गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने भगवानपुर थाना क्षेत्र में वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान दो संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली गई।


तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से कुल 72.240 किलो गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मौके से पांच लोगों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। बरामद मादक पदार्थ और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है।


प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मादक पदार्थ की यह खेप नेपाल से पटना लाई जा रही थी। हालांकि, तस्करी के नेटवर्क, खेप के वास्तविक स्रोत और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसे लेकर जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के जरिए इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।