भागलपुर में दिनदहाड़े भाजपा मंडल अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम

भागलपुर जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां बेखौफ अपराधियों ने दिन-दहाड़े भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है। पुलिस मामले की जांच मे जुटी है.....

भागलपुर में दिनदहाड़े भाजपा मंडल अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या
भागलपुर में दिनदहाड़े भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या- फोटो : बाल मुकुंद कुमार

Bhagalpur : जिले में बेखौफ अपराधियों ने कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बबरगंज थाना क्षेत्र के कुतुबगंज मोहल्ले में अज्ञात अपराधियों ने भाजपा मंडल अध्यक्ष की दिनदहाड़े गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। इस जघन्य हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों के बीच भारी आक्रोश व दहशत का माहौल व्याप्त है।


बाइक सवार अपराधियों ने मारी गोलीमौके पर ही हुई मौत 

मृतक की पहचान भाजपा मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वे कुतुबगंज मोहल्ले में मौजूद थे, तभी अचानक बाइक पर सवार होकर आए अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली सीधे उनके शरीर में जा लगी, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। गोली लगते ही घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई, जबकि वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार होने में कामयाब रहे।


घटनास्थल पर पहुंचे सिटी एसपी और भारी पुलिस बल 

दिनदहाड़े हुई इस हत्या की सूचना मिलते ही स्थानीय बबरगंज थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए भागलपुर के सिटी एसपी अतुलेश झा भी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की बारीकी से जानकारी ली। पुलिस ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


मौके पर पहुंचे भाजपा विधायकइलाके में पसरा मातम 

हत्या की खबर मिलते ही स्थानीय भाजपा विधायक रोहित पांडे भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर शोक जताया और पुलिस प्रशासन से अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की। मंडल अध्यक्ष की अचानक हुई इस हत्या के बाद से परिजनों में चीख-पुकार मची हुई है और राजनीतिक गलियारों में भी शोक की लहर दौड़ गई है।


सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिसछापेमारी जारी 

सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि घटना में शामिल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस त्वरित कार्रवाई कर रही है। पुलिस की ओर से घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को गहनता से खंगाला जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि घटना में जो भी शामिल होगा उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

बालमुकुंद की रिपोर्ट