नवादा पुलिस ने महज 8 घंटे के अंदर हत्या के मुख्य अभियुक्त को दबोचा, गिरफ्तार आरोपी निकला शातिर अपराधी
Bihar Crime : नवादा जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने घटना के महज 8 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी सुबोध को सीतामढ़ी थाना क्षेत्र से दबोच लिया है....
Nawada : जिले में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने बेहद त्वरित और बड़ी कार्रवाई की है। नवादा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिनव धीमान के सख्त निर्देश पर अकबरपुर थाना प्रभारी रुपेश कुमार सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घटना के महज 8 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को दबोच लिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
इलाज के दौरान पटना में तोड़ा था दम:
यह वारदात बीते 15 मई 2026 की रात लगभग 10 बजे अकबरपुर थाना क्षेत्र में हुई थी, जहां अपराधियों ने राजीव कुमार नामक युवक की बेरहमी से पिटाई कर उसे अधमरा कर दिया था। परिजनों ने आनन-फानन में उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उसे सदर अस्पताल और फिर गंभीर हालत में पटना रेफर किया गया। पटना में इलाज के दौरान 18 मई 2026 को राजीव ने दम तोड़ दिया। इसके बाद मृतक के भाई के आवेदन पर अकबरपुर थाने में कांड संख्या 204/26 के तहत हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई।
सीतामढ़ी थाना क्षेत्र से हुई गिरफ्तारी:
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी अभिनव धीमान के आदेश पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। इस टीम ने आधुनिक तकनीकी और ह्यूमन इंटेलिजेंस (स्थानीय खुफिया तंत्र) का सटीक उपयोग करते हुए ताबड़तोड़ छापेमारी की। पुलिस टीम ने जाल बिछाकर सीतामढ़ी थाना क्षेत्र के ग्राम जरहैया से मुख्य अभियुक्त सुबोध कुमार को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया।
आपसी विवाद में हत्या की बात कबूली:
गिरफ्तारी के बाद आरोपी सुबोध कुमार को अकबरपुर थाना परिसर लाया गया, जहां पुलिस अधिकारियों ने उससे सघन पूछताछ की। कड़ाई से की गई पूछताछ के दौरान अभियुक्त सुबोध ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि मृतक राजीव के साथ उसका पुराना आपसी विवाद चल रहा था और इसी रंजिश के चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था। पूछताछ की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है।
आरोपी का रहा है पुराना आपराधिक इतिहास:
पकड़े गए मुख्य आरोपी की पहचान नवादा जिले के अकबरपुर थाना अंतर्गत ग्राम पैजुना निवासी सुबोध कुमार (पिता- सरजू महतो) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह भी साफ हुआ है कि गिरफ्तार सुबोध एक शातिर और आदतन अपराधी है। उसका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें पूर्व से ही अकबरपुर थाने में दर्ज कांड संख्या 109/23 (बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम) और कांड संख्या 430/23 (आर्म्स एक्ट) जैसे गंभीर मामले शामिल हैं।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट