नवादा पुलिस की बड़ी कामयाबी, 7 साल पुराने लूटकांड का फरार आरोपी गिरफ्तार

Bihar News : बीते सात साल पुलिस के लिए सरदर्द बना हुआ लूट कांड का आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने लाल बादशाह उर्फ दिलीप कुमार को शाहपुर थाना क्षेत्र के रेवाड़ा गांव से धर दबोचा....

नवादा पुलिस की बड़ी कामयाबी, 7 साल पुराने लूटकांड का फरार आर
7 साल से फरार लूटेरा गिरफ्तार- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले की पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सात साल पुराने लूटकांड के एक फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में शुक्रवार को नवादा के पुलिस अधीक्षक (SP) अभिनव धीमान ने अपने कार्यालय में एक प्रेस वार्ता का आयोजन कर इसकी जानकारी दी। प्रेस वार्ता के दौरान हिसुआ के एसडीपीओ (SDPO) राहुल सिंह और थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।


साल 2019 में गाड़ी और मोबाइल लूट का है मामला

एसपी ने बताया कि यह पूरा मामला 23 अक्टूबर 2019 का है, जब हिसुआ थाना क्षेत्र में एक इंडिका गाड़ी के चालक के साथ लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया गया था। पीड़ित चालक ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया था कि वह गया जी से सवारी लेकर हिसुआ जा रहा था। इसी दौरान हिसुआ पेट्रोल पंप के पास तीन अज्ञात अपराधियों ने भाड़ा देने के विवाद को लेकर उसके साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद अपराधी चालक का मोबाइल फोन और उसकी इंडिका गाड़ी लूटकर मौके से फरार हो गए थे।


विशेष पुलिस टीम का किया गया था गठन

चालक के आवेदन के आधार पर हिसुआ थाना में कांड संख्या 445/19 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था। मामले की गंभीरता और लंबे समय से आरोपियों के फरार होने को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नवादा के निर्देश पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। यह टीम तकनीकी और मानवीय खुफिया तंत्र (Technical and Human Intelligence) की मदद से अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही थी।


रेवाड़ा गांव से दबोचा गया मुख्य अभियुक्त

एसपी अभिनव धीमान ने बताया कि अनुसंधान के दौरान पुलिस ने इस कांड में संलिप्त एक अभियुक्त को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था, जबकि अन्य आरोपी फरार चल रहे थे। इसी क्रम में गुप्त सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर विशेष टीम ने 28 मई 2026 को शाहपुर थाना क्षेत्र के रेवाड़ा गांव में छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक और मुख्य अभियुक्त को सफलतापूर्वक दबोच लिया।


गिरफ्तार आरोपी लाल बादशाह से पूछताछ जारी

पकड़े गए अभियुक्त की पहचान शाहपुर थाना क्षेत्र के रेवाड़ा गांव निवासी भूषण सिंह उर्फ शशिभूषण के 28 वर्षीय पुत्र लाल बादशाह उर्फ दिलीप कुमार के रूप में की गई है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम उसे हिसुआ थाना परिसर लेकर आई, जहां वरीय अधिकारियों की देखरेख में उससे सघन पूछताछ की गई। पुलिस इस मामले के अन्य पहलुओं और फरार साथियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है, जिसके बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट