Bihar Crime: नवादा में छात्रा की संदिग्ध मौत से सनसनी, 15 किलोमीटर दूर पढ़ने आती थी प्रीति, मंदिर के पास पानी पीने के बाद मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

Bihar Crime: भीड़भाड़ वाले सब्जी बाजार के पास मंदिर के समीप छात्रा का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।...

Nawada 17 Year Old Student Found Dead in Market Probe Begins
नवादा में छात्रा की संदिग्ध मौत से सनसनी- फोटो : reporter

Nawada: एक 17 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके को सकते में डाल दिया है। भीड़भाड़ वाले सब्जी बाजार के पास मंदिर के समीप छात्रा का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।

मृतका की पहचान रोह थाना क्षेत्र के विजयनगर निवासी विपिन यादव की पुत्री प्रीति कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रीति रोजाना करीब 15 किलोमीटर दूर से नवादा पढ़ाई करने आती थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह हर दिन अपने घर वापस लौट जाती थी। परिजनों के अनुसार, छात्रा के पास मोबाइल फोन भी नहीं था, इसलिए पुलिस उसके आने-जाने के पूरे रास्ते और दिनचर्या की जानकारी जुटा रही है।घटना के बाद मौके पर पहुंचे अनुमंडल पदाधिकारी अमित अनुराग, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हुलास कुमार और थाना प्रभारी उमाशंकर सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और हर संभावित पहलू से मामले की पड़ताल की जा रही है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, प्रीति बाजार क्षेत्र में पहुंची थी और उसने किसी व्यक्ति से पानी मांगा था। पानी पीने के बाद वह मंदिर के पास बैठ गई। कुछ देर बाद जब लोगों ने देखा कि वह काफी समय से नहीं उठ रही है, तो वहां मौजूद लोगों को शक हुआ। जांच करने पर उसके मृत होने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर छात्रा की मौत अचानक कैसे हुई? क्या वह किसी बीमारी की वजह से गिरी या फिर इसके पीछे कोई और कारण है? पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

एसडीओ अमित अनुराग ने बताया कि फिलहाल इलाके में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। प्रशासन लगातार परिजनों के संपर्क में है और मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं एसडीपीओ हुलास कुमार ने बताया कि छात्रा के परिजन अस्पताल पहुंच चुके हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है और छात्रा के अंतिम समय की गतिविधियों का पता लगाने में जुटी है।

एक होनहार छात्रा की अचानक हुई मौत ने परिवार और स्थानीय लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हुई है, जिससे इस रहस्यमय मौत की असली वजह सामने आ सके।

रिपोर्ट- अमन कुमार