Bihar News : तेजस्वी के बाद तेजप्रताप यादव की गिरफ्तारी पर भड़कीं रोहिणी आचार्य, बोलीं- 'तानाशाही कर रही सम्राट सरकार'

Bihar News : पूर्व मंत्री और लालू प्रसाद यादव के बड़े लाल तेजप्रताप की गिरफ़्तारी के बाद तेजस्वी ने सरकार पर जमकर निशाना साधा. वहीँ बहन रोहिणी ने भी सरकार पर हमला बोल दिया.......पढ़िए आगे

Bihar News : तेजस्वी के बाद तेजप्रताप यादव की गिरफ्तारी पर भ
सरकार पर हमला - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव की गिरफ्तारी के बाद बिहार की राजनीति में भूचाल आ गया है। इस कार्रवाई के बाद जहां पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने सरकार पर हमला बोला, वहीं उनकी बहन रोहिणी आचार्य ने भी विदेश से राज्य सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा निशाना साधा है।

रोहिणी आचार्य ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट करते हुए तेजप्रताप यादव की गिरफ्तारी को 'सम्राट सरकार की तानाशाही' करार दिया। उन्होंने सवाल उठाते हुए लिखा कि बिहार के मुख्यमंत्री से राज्य की जनता पूछ रही है कि क्या शिक्षा व्यवस्था को सुधारने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों और युवाओं के प्रदर्शन का समर्थन करना अपराध है?

अपने बयान में रोहिणी ने आरोप लगाया कि सम्राट सरकार की पुलिस ने तेजप्रताप यादव को तथ्यहीन और झूठे आरोपों के आधार पर गिरफ्तार किया है, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का सीधा हनन है। उन्होंने कहा कि छात्रों, युवाओं और जनता की समस्याओं के लिए आवाज उठाना हर भारतीय नागरिक का मौलिक अधिकार और दायित्व है। इसी अधिकार का निर्वहन करने की एवज में बदले की भावना से यह गिरफ्तारी की गई है।

सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आगे कहा कि विरोध प्रदर्शन के लिए की गई यह गिरफ्तारी राज्य में सरकार के खिलाफ उभरे जन-असंतोष को दबाने की दमनात्मक कार्रवाई का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सम्राट सरकार पुलिस प्रशासन और सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर अपने राजनीतिक विरोधियों को डराने और जन आंदोलनों के प्रभाव को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। तीखा हमला बोलते हुए रोहिणी ने कहा, "यह कैसा न्याय और कैसा चलन है, जिसमें सात खून का आरोपी मुख्यमंत्री बन जाता है और देश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए आवाज उठाने और संघर्ष करने वाले बेगुनाह को झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भेज दिया जाता है?"