Bihar Crime: हथौड़े से सिर कुचलकर पत्नी की हत्या, लव मैरिज के एक साल बाद कत्ल

Bihar Crime: एक महिला की कथित तौर पर हथौड़े से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई।

Nalanda Woman Killed With Hammer
लव मैरिज के एक साल बाद कत्ल- फोटो : reporter

Bihar Crime: नालंदा से सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां लहेरी थाना क्षेत्र के बड़ी पहाड़ी मोहल्ले में एक महिला की कथित तौर पर हथौड़े से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि महिला ने करीब एक साल पहले प्रेम विवाह किया था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक महिला कुछ समय से पंजाब में थी और घटना से एक दिन पहले ही शाम को घर लौटी थी। घर लौटने के अगले ही दिन उसकी हत्या की खबर से आसपास के लोग सकते में हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला के सिर पर हथौड़े से वार किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही लहेरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ हत्या की वजह और वारदात में शामिल व्यक्ति की पहचान को लेकर जांच तेज कर दी है।

प्रेम विवाह के करीब एक साल बाद हुई इस हत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे घरेलू विवाद, आपसी रंजिश या कोई अन्य वजह थी। महिला के पंजाब से लौटने के बाद हुई इस वारदात को लेकर भी पुलिस विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत की परिस्थितियों की पुष्टि की जाएगी। घटना के बाद बड़ी पहाड़ी मोहल्ले में तनाव और दहशत का माहौल है।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय