Bihar Crime News: नालंदा में सीने में गोली मारकर युवक की हत्या, गांव में मचा कोहराम

Bihar Crime: दो पक्षों के बीच हुई गोलीबारी में 30 वर्षीय अजय कुमार की सीने में गोली लगने से मौत हो गई। वारदात के बाद गांव में अफरातफरी मच गई, जबकि मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

Nalanda Man Shot Dead in Drain Road Dispute Village Tense
नालंदा में युवक की हत्या- फोटो : reporter

Nalanda: चिकसौरा थाना क्षेत्र के गोंदुविगहा गांव में नाली और रास्ते का मामूली विवाद गुरुवार को खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। दो पक्षों के बीच हुई गोलीबारी में 30 वर्षीय अजय कुमार की सीने में गोली लगने से मौत हो गई। वारदात के बाद गांव में अफरातफरी मच गई, जबकि मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

मृतक की पहचान गांव निवासी विजय पासवान के 30 वर्षीय पुत्र अजय कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, तीन दिन पहले नाली और रास्ते के विवाद को लेकर दोनों पक्षों की महिलाओं के बीच मारपीट हुई थी। सामाजिक लोगों और पुलिस की पहल के बाद उस वक्त मामला शांत करा दिया गया था।

लेकिन गुरुवार सुबह पुराना विवाद फिर भड़क उठा। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते मामला गाली-गलौज से लाठी-डंडे तक पहुंच गया। इसी दौरान अचानक फायरिंग शुरू हो गई। गोलियों की आवाज से गांव में दहशत फैल गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

इसी गोलीबारी के दौरान अजय कुमार के सीने में गोली जा लगी। वह खून से लथपथ होकर मौके पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें आनन-फानन में हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी तनाव का माहौल बताया जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग किसने की और गोली किस हथियार से चली।प्रभारी डीएसपी रंजन कुमार ने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। वहीं, चिकसौरा थानाध्यक्ष गौरव सिंधु ने बताया कि नाली-गली के विवाद को लेकर गोलीबारी हुई, जिसमें एक युवक की मौत हुई है।पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामूली रास्ते और नाली के विवाद का इस कदर खूनी अंजाम तक पहुंचना गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय