Bihar Crime: पॉश इलाके में हाई-प्रोफाइल सेंध, चोरों ने 50 लाख के जेवरात उड़ाए, हिरासत में नौकरानी

Bihar Crime: पॉश इलाके में दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज वारदात ने कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

Nalanda High Profile Heist in Posh Area 5M Jewelry Stolen Ma
पॉश इलाके में हाई-प्रोफाइल सेंध- फोटो : reporter

Bihar Crime: पॉश इलाके में दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज वारदात ने कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। नालंदा शहर के लहेरी थाना क्षेत्र के पालिका बाजार मोहल्ले में अज्ञात चोरों ने जय मां विन्ध्यवासिनी बस के संचालक रामप्रवेश शर्मा के घर को निशाना बनाते हुए करीब 50 लाख रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। वारदात की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

परिवार की बहू लवली कुमारी के मुताबिक मकान के दूसरे तल्ले पर बना फ्लैट बंद था। दिन के लगभग 11 बजे साफ-सफाई के बहाने नौकरानी ने कमरे की चाबी मांगी। भरोसे में आकर चाबी दे दी गई। करीब एक घंटे बाद नौकरानी चाबी वापस कर चली गई। कुछ देर बाद जब बहू कमरे का जायजा लेने पहुंचीं तो मंजर देख दंग रह गईं अलमारी का लॉकर टूटा पड़ा था और उसमें रखे कीमती जेवरात गायब थे।

घर में कोहराम मच गया। आनन-फानन में पुलिस को इत्तला दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन शुरू कर दी। लहेरी थाना के थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होता है और नौकरानी को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।

पुलिस सूत्रों की मानें तो यह वारदात पूरी प्लानिंग के साथ अंजाम दी गई लगती है। लॉकर तोड़ने के तरीके से अंदेशा है कि चोर को घर की बनावट और कीमती सामान की पूरी जानकारी थी। सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक टीम की मदद से सबूत जुटाए जा रहे हैं।

शहर के पॉश इलाके में इस तरह की बड़ी चोरी ने सुरक्षा इंतजामात की पोल खोल दी है। स्थानीय लोग दहशत में हैं और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस हर एंगल से तफ्तीश में जुटी है और जल्द ही इस हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा करने का दावा कर रही है।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय