Bihar Crime: अस्पताल से युवती को अगवा कर बंधक बनाकर दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

Bihar Crime:जमुई के बाद बिहार में अपराध की एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है।...

Muzaffarpur  Woman Abducted From SKMCH Rape Alleged in Motih
बंधक बनाकर दुष्कर्म- फोटो : social Media

Bihar Crime:बिहार में अपराध की एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मुजफ्फरपुर के श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर से एक युवती को बहला-फुसलाकर अगवा किया गया और मोतिहारी ले जाकर बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का आरोप है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवती को बरामद कर लिया है, जबकि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, युवती 19 सितंबर को SKMCH से लापता हुई थी। अगले दिन उसके पिता ने अस्पताल की पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अस्पताल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक युवक युवती को अपने साथ ले जाता दिखाई दिया। इसके बाद मुजफ्फरपुर एसएसपी के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई।

पुलिस ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान सोनू सिंह के रूप में की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने युवती को झांसा दिया कि वह उसके पिता के ससुराल पक्ष की ओर से आया है। इसके साथ ही उसे पैसे देने का लालच भी दिया गया। आरोप है कि इसके बाद वह युवती को अपने साथ मोतिहारी ले गया।

पुलिस के मुताबिक, मोतिहारी के छतरौनी थाना क्षेत्र में एक किराये के कमरे में युवती को कथित तौर पर बंधक बनाकर रखा गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया।मुजफ्फरपुर सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई। सोमवार देर रात युवती को बरामद कर लिया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

बताया जा रहा है कि आरोपी इलाज के सिलसिले में SKMCH आया था और अस्पताल में भर्ती हुआ था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी और पीड़िता के बीच पहले से कोई परिचय था या नहीं तथा वारदात की पूरी कड़ी क्या है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा