Bihar Crime: वार्ड पार्षद पति को मिली खुलेआम जान से मारने की धमकी, स्मैक-शराब के धंधे का विरोध पड़ा भारी, इलाके में दहशत

Bihar Crime:वार्ड पार्षद पति को असामाजिक तत्वों द्वारा खुलेआम जान से मारने की धमकी दिए जाने के बाद इलाके में भय और तनाव का माहौल बन गया है।...

Muzaffarpur Ward Councillor Husband Threatened
वार्ड पार्षद पति को जान से मारने की धमकी- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे कांटी थाना क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। वार्ड संख्या 2 की पार्षद बीनू कुमारी के पति दीपक कुमार सिंह को असामाजिक तत्वों द्वारा खुलेआम जान से मारने की धमकी दिए जाने के बाद इलाके में भय और तनाव का माहौल बन गया है। पूरा परिवार इस घटना के बाद से दहशत में है और किसी अनहोनी की आशंका से सहमा हुआ है।

पीड़ित दीपक कुमार सिंह ने कांटी थाना पुलिस को एक लिखित आवेदन सौंपकर पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन में उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया है कि गांव के ही गौतम कुमार और अनमोल कुमार, जो कथित तौर पर आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं, लंबे समय से अवैध गतिविधियों में लिप्त हैं। आरोप है कि ये लोग स्मैक और शराब के अवैध कारोबार से जुड़े हुए हैं और आसपास के युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर रहे हैं।

दीपक कुमार सिंह का कहना है कि उनकी पत्नी वार्ड पार्षद हैं और वे लगातार इन अवैध गतिविधियों का विरोध करते रहे हैं, जिससे ये लोग उनसे रंजिश रखने लगे। उन्होंने बताया कि 28 अप्रैल को वे एक सामाजिक पंचायत में शामिल होने गए थे। वहां से लौटते समय रास्ते में गौतम कुमार, अनमोल कुमार और उनके कुछ अज्ञात साथी पहले से घात लगाए बैठे थे।

आरोप है कि बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया और खुलेआम धमकी देते हुए कहा कि अगर तुमने हमारे काम में दखल देना बंद नहीं किया तो पति-पत्नी दोनों को जान से मार दिया जाएगा। यह सुनकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पीड़ित ने शोर मचाया, जिसके बाद सभी आरोपी मौके से अपनी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। इस घटना के बाद पूरे परिवार में भय का माहौल है और स्थानीय लोगों में भी आक्रोश और चिंता देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि इस तरह की खुलेआम धमकियां इलाके में कानून व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।

इधर मामले को लेकर डीएसपी वेस्ट सुचित्रा कुमारी ने जानकारी दी है कि मामला संज्ञान में ले लिया गया है और दोनों पक्षों के बीच पूर्व से विवाद की बात सामने आई है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की भूमिका की गहराई से पड़ताल की जा रही है।पुलिस का कहना है कि तथ्यों के आधार पर जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा