Bihar Crime: खेत में मिला शराब कारोबारी का शव, लेनदेन पर कत्ल की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

Bihar Crime:एक शराब कारोबारी का शव संदिग्ध हालात में खेत से बरामद हुआ। सुबह-सुबह ग्रामीणों की नजर जैसे ही खेत में पड़े शव पर पड़ी, इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ...

Muzaffarpur The body of a liquor dealer was found in a field
खेत में मिला शराब कारोबारी का शव- फोटो : reporter

Muzaffarpur: जिले में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक शराब कारोबारी का शव संदिग्ध हालात में खेत से बरामद हुआ। सुबह-सुबह ग्रामीणों की नजर जैसे ही खेत में पड़े शव पर पड़ी, इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते खबर आग की तरह फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस रहस्यमयी मौत ने पूरे इलाके में खौफ और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल पैदा कर दिया है।

यह सनसनीखेज मामला जिले के सदर थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान पताही (धोबी टोला) निवासी स्वर्गीय दिलीप साह के पुत्र पुतुल उर्फ शशि भूषण कुमार (32) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसका शव उसके घर से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में पड़ा मिला। सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों ने जब शव देखा तो उनके होश उड़ गए। इसके बाद तुरंत स्थानीय थाना पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डीएसपी टाउन-2 विनीता सिन्हा और सदर थानाध्यक्ष अश्मित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए। साथ ही डॉग स्क्वॉड की टीम भी मौके पर पहुंची और सुराग तलाशने में जुट गई।

पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि पुतुल उर्फ शशि भूषण शराब के कारोबार से जुड़ा हुआ था। सदर थाना में उसके खिलाफ पहले से शराब से संबंधित कई मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। जांच के दौरान उसके पास से शराब भी बरामद होने की बात सामने आई है, जिससे यह मामला और भी पेचीदा होता जा रहा है।

मृतक की पत्नी चंचल देवी ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि उनके पति ने हर्ष नामक युवक से करीब दो लाख रुपये कर्ज लिए थे। उसी पैसे के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। चंचल का आरोप है कि हर्ष लगातार उनके पति को जान से मारने की धमकी दे रहा था और उसी ने इस वारदात को अंजाम दिया है।

पुलिस फिलहाल हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की मदद से सबूत जुटाए जा रहे हैं ताकि इस रहस्यमयी मौत के पीछे की असली साजिश का पर्दाफाश हो सके। वहीं दूसरी तरफ मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुतुल अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जिनमें एक बेटा और दो बेटियां शामिल हैं।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा