Bihar Vande Bharat Attack: बिहार में ट्रेनों पर हमला, वंदे भारत समेत तीन ट्रेनों के शीशे टूटे, यात्रियों में दहशत, सामान के साथ भागने लगे

Bihar Vande Bharat Attack: बिहार में एक बार फिर ट्रेनों पर पथराव की वारदात ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।...

Muzaffarpur Stone Pelting on Vande Bharat and Three Trains
वंदे भारत समेत तीन ट्रेनों पर पथराव- फोटो : reporter

Bihar Vande Bharat Attack: बिहार में एक बार फिर ट्रेनों पर पथराव की वारदात ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रविवार की शाम महज डेढ़ घंटे के भीतर के मुजफ्फरपुर में  वंदे भारत एक्सप्रेस समेत तीन ट्रेनों को निशाना बनाया गया, जिससे रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया। घटना के बाद यात्रियों में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल देखा गया।

जानकारी के मुताबिक 26501 पाटलिपुत्र-गोरखपुर वंदे भारत एक्सप्रेस पर मुजफ्फरपुर जंक्शन और रामदयालु नगर स्टेशन के बीच पथराव किया गया। मझौलिया-खबरा के पास अचानक ट्रेन पर पत्थर फेंके गए, जिससे वंदे भारत के तीन कोचों के शीशे आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के वक्त ट्रेन तेज रफ्तार में थी, जिससे यात्रियों में खौफ फैल गया।

इसी दौरान इंटरसिटी एक्सप्रेस और लिच्छवी एक्सप्रेस पर भी अलग-अलग स्थानों पर पथराव की घटनाएं सामने आईं। लगातार तीन ट्रेनों पर हुए हमले के बाद रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल यानी आरपीएफ की मुजफ्फरपुर और हाजीपुर टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई। शुरुआती जांच में ट्रैक किनारे मौजूद बच्चों द्वारा पत्थर फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अधिकारी हर एंगल से मामले की तहकीकात कर रहे हैं।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक वंदे भारत एक्सप्रेस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि पथराव करने वालों की पहचान की जा सके। घटना के बाद यात्रियों ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए ट्रैक किनारे निगरानी बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बल तैनात करने की मांग की है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने हाईस्पीड ट्रेनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। रेलवे प्रशासन अब दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की तैयारी में जुटा है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा