Bihar Love Marriage: तीन महीने का प्यार, मंदिर में शादी.... जिसके नाम का सजाया सपना उसी ने सिंदूर भरते ही इस कारण फेर लिया मुंह

Bihar Love Marriage: जिस युवक से एक युवती अपने रिश्ते को लेकर भविष्य के सुनहरे ख्वाब देख रही थी, उसी युवक ने मंदिर में मांग भरने के बाद उसे अपने साथ घर ले जाने से इनकार कर दिया।

Bihar Love Marriage:  तीन महीने का प्यार, मंदिर में शादी....
मंदिर में प्रेमिका की मांग भरी, फिर...- फोटो : X

Bihar Love Marriage: मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र में प्रेम, भरोसे और रिश्तों को लेकर एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने इलाके में देर रात तक चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया। जिस युवक से एक युवती अपने रिश्ते को लेकर भविष्य के सुनहरे ख्वाब देख रही थी, उसी युवक ने मंदिर में मांग भरने के बाद उसे अपने साथ घर ले जाने से इनकार कर दिया। देखते ही देखते प्रेम कहानी ने ऐसा मोड़ लिया कि मामला ग्रामीणों से होते हुए पुलिस थाने तक पहुंच गया।

जानकारी के मुताबिक, युवक की पहचान अभिषेक कुमार के रूप में हुई है, जो कांटी एचपी पेट्रोल पंप के समीप का रहने वाला बताया जा रहा है। वहीं, युवती कांटी थाना क्षेत्र के कोठिया कुशवाहा टोला की निवासी है। बताया जाता है कि अभिषेक अक्सर चोरी-छिपे युवती से मिलने उसके घर पहुंचता था। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने और लगातार मुलाकातों की जानकारी जब ग्रामीणों को मिली तो उन्होंने युवक को पकड़ने का फैसला किया।

ग्रामीणों के मुताबिक, देर रात युवक युवती से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और दोनों को भगवान शिव के मंदिर ले जाया गया। वहां ग्रामीणों की मौजूदगी में शादी की रस्में पूरी कराई गईं। युवक द्वारा युवती की मांग में सिंदूर भरने के बाद लोगों को लगा कि अब दोनों का रिश्ता सामाजिक रूप से स्वीकार कर लिया गया है। लेकिन इस कहानी का अगला मोड़ सबको हैरान करने वाला था।

शादी की रस्म पूरी होते ही अभिषेक युवती को अपने घर ले जाने से मुकर गया। उसका कहना था कि वह गैस पहुंचाने के सिलसिले में इलाके में आया था और ग्रामीणों ने उसे जबरन पकड़कर शादी करा दी। दूसरी तरफ, युवती पक्ष का दावा है कि दोनों के बीच पिछले करीब तीन महीने से मोबाइल फोन पर बातचीत हो रही थी और युवक उससे मिलने भी आता था।

घटना की सूचना मिलते ही कांटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक-युवती दोनों को थाने ले गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। अब सबकी निगाहें पुलिस की जांच और आगे होने वाली कानूनी कार्रवाई पर टिकी हैं। रिश्तों की इस उलझी कहानी में असल सच्चाई क्या है, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा