Bihar Crime: इश्क के इंतकाम में प्रेमी ने मासूम को बनाया निशाना, राज हमेशा के लिए दफन करने के लिए किया बड़ा कांड, आरोपी गिरफ्तार

Bihar Crime: इश्क, नफरत और इंतकाम की खतरनाक कहानी में एक मासूम की जिंदगी छिन गई।...

Muzaffarpur Love Revenge Lover Targets Child to Bury Secret
इश्क का इंतकाम- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार से एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया। यहां इश्क, नफरत और इंतकाम की खतरनाक कहानी में एक मासूम की जिंदगी छिन गई। प्रेमी से पीछा छुड़ाने की कोशिश एक मां को इतनी भारी पड़ गई कि बदले की आग में जल रहे शख्स ने उसके 7 साल के मासूम बेटे को ही निशाना बना डाला।

यह सनसनीखेज मामला मुजफ्फरपुर जिले के करजा थाना क्षेत्र के एक गांव का है। 27 फरवरी को बच्चे की मां ने करजा थाने में आवेदन देकर बताया कि उसका बेटा अचानक गायब हो गया है और किसी ने उसका अपहरण कर लिया है। मामला सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और कांड संख्या 56/26 दर्ज कर बच्चे की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर ग्रामीण एसपी राजेश कुमार प्रभाकर की अगुवाई में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस की यह टीम लगातार बच्चे की तलाश में गांव-गांव छानबीन कर रही थी।

इसी बीच 8 मार्च को गांव के ही चौड़ इलाके से एक सनसनीखेज खबर आई। मिट्टी के अंदर दबा हुआ एक शव बरामद हुआ जो बुरी तरह क्षत-विक्षत हालत में था। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जांच के लिए एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। आसपास से तमाम साक्ष्य जुटाए गए और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

जब पुलिस ने तहकीकात शुरू की तो मामला और भी चौंकाने वाला निकला। जांच में खुलासा हुआ कि मृतक बच्चे की मां का गांव के ही एक युवक से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लेकिन कुछ दिनों से महिला उससे दूरी बनाने लगी थी। यही बात युवक को नागवार गुजरी और उसने बदला लेने की ठान ली।

पुलिस के मुताबिक, बदले की आग में अंधा हुआ आरोपी सिकीनंद्र चौधरी ने बच्चे का अपहरण किया और फिर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने शव को चौड़ में ले जाकर मिट्टी के अंदर दबा दिया ताकि राज हमेशा के लिए दफन हो जाए।

हालांकि पुलिस की सख्त कार्रवाई से आरोपी ज्यादा दिन बच नहीं सका। उसे गिरफ्तार कर लिया गया और पूछताछ में उसकी निशानदेही पर खुरपी, कुदाल और दाब बरामद किए गए। फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, लेकिन इस वारदात ने पूरे इलाके को गम और गुस्से में डुबो दिया है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा