Bihar Crime: मंत्री पुत्र से मांगी गई 50 लाख की रंगदारी , लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर मांग, पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में एक बार फिर रंगदारी के खौफनाक खेल ने लोगों की बेचैनी बढ़ा दी है।...
Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में एक बार फिर रंगदारी के खौफनाक खेल ने लोगों की बेचैनी बढ़ा दी है। अपराधियों ने दुस्साहस दिखाते हुए बिहार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता के पुत्र कृष्ण मुरारी को निशाना बनाया है। व्हाट्सएप मैसेज के जरिए लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 50 लाख रुपये की मोटी रकम की रंगदारी मांगी गई। धमकी भरे संदेश में रकम नहीं देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
सूत्रों के अनुसार, अपराधियों ने खुद को कुख्यात गैंग से जुड़ा बताकर दहशत कायम करने की कोशिश की। मैसेज के जरिए दी गई धमकी में रकम की मांग के साथ भय का माहौल पैदा करने की साजिश रची गई। घटना के बाद कृष्ण मुरारी ने सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
इससे पहले बीजेपी के सक्रिय नेता रंजीत सहनी से भी रंगदारी मांगने का मामला सामने आया था। अब मंत्री पुत्र को निशाना बनाए जाने के बाद शहर में अपराधियों के बढ़ते हौसले को लेकर लोगों के बीच खौफ का माहौल है। आम लोगों में चर्चा है कि अगर रसूखदार लोग भी अपराधियों के निशाने पर हैं तो आम जनता की सुरक्षा पर सवाल उठना लाजिमी है।
पुलिस ने इस मामले में कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साइबर तकनीक और कॉल डिटेल के जरिए धमकी देने वालों तक पहुंचने की कोशिश जारी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी के पीछे वास्तव में कोई संगठित गिरोह है या फिर अपराधियों ने कुख्यात नाम का सहारा लेकर वसूली का जाल फैलाया है। फिलहाल पुलिस का दावा है कि अपराधियों की पहचान कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। लेकिन इस वारदात ने एक बार फिर रंगदारी और आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जरूरत को उजागर कर दिया है।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा